विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में मिलावटखोरों पर शिकंजा, त्योहारों से पहले 508 किलो नकली पनीर नष्ट

Updated: Thu, 27 Aug 2026 04:15 PM (GMT+05:30)

दिल्ली में त्योहारों से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने ओखला ...और पढ़ें

दिल्ली में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई।

दिल्ली में मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई।

HighLights

  1. दिल्ली में त्योहारों से पहले मिलावट के खिलाफ कार्रवाई तेज।

  2. ओखला मंडी में 508 किलो नकली पनीर नष्ट, 22 नमूने भेजे।

  3. जे डब्ल्यू मैरियट जैसे बड़े होटलों में भी मिली खामियां।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ दिल्ली में कार्रवाई तेज हुई है। खाद्य सुरक्षा विभाग ने ओखला सब्जी मंडी में करीब 508 किलो नकली पनीर नष्ट कराया है। पिछले 48 घंटों में अलग-अलग जिलों से 22 खाद्य नमूने भी जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी में लगातार सामने आ रहे नकली, अधोमानक और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के मामलों को देखते यह या इस तरह कार्रवाई नाकाफी है। सवाल उठ रहे हैं कि क्या दिल्ली में भी महाराष्ट्र की तरह बड़े स्तर पर लगातार अभियान चलाया जाएगा।

महाराष्ट्र में 25 मई से 31 जुलाई के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने 3,137 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान 28.66 लाख किलो असुरक्षित खाद्य सामग्री जब्त या नष्ट की गई, जिसकी कीमत 55.72 करोड़ रुपये बताई गई। 165 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित किए गए।

308 पनीर नमूनों की जांच में 89 घटिया और 38 असुरक्षित पाए गए

इनमें 890 होटल थे, जिनमें 116 के लाइसेंस निलंबित और 329 को सुधार संबंधी नोटिस दिए गए। 308 पनीर नमूनों की जांच में 89 घटिया और 38 असुरक्षित पाए गए। इसके बाद महाराष्ट्र में एनालाग यानी गैर-डेयरी पनीर के निर्माण और बिक्री पर एक वर्ष का प्रतिबंध लगाया दिया गया।

दिल्ली में भी ऐसी व्यापक कार्रवाई की आवश्यकता इसलिए महसूस होती है कि हाल में यहां बड़े होटल भी खाद्य सुरक्षा जांच के दायरे में आए हैं।

जे डब्ल्यू मैरियट में भी कॉकरोच, खराब खाद्य सामग्री मिली

एफएसएसएआई की जांच में एयरोसिटी के अंदाज दिल्ली में 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाई, कीटों की मौजूदगी और अन्य स्वच्छता संबंधी खामियां मिलीं। जे डब्ल्यू मैरियट में भी कॉकरोच, खराब खाद्य सामग्री, गंदे बर्तन, अनुचित भंडारण और स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां मिलीं। दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए हैं।

एनसीआर में नकली पनीर की आपूर्ति का मामला भी नया नहीं है। जून 2025 में नोएडा में करीब 1,400 किलो नकली पनीर पकड़ा गया था, जिसे दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में आपूर्ति किया जाना था। जांच में इसका संबंध अलीगढ़ की फैक्ट्री से सामने आया था।

खाद्य प्रतिष्ठानों और आपूर्ति श्रृंखला पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने खाद्य सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए त्यौहारों के दौरान बाजारों, खाद्य प्रतिष्ठानों और आपूर्ति श्रृंखला पर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। ऐसे में दिल्ली में मौजूदा कार्रवाई को आगे बढ़ाकर थोक बाजार, गोदाम, होटल-रेस्टोरेंट और उनकी रसोई तक नियमित और व्यापक जांच की अपेक्षा है। इससे मिलावट के साथ सड़ी-गली और अधोमानक खाद्य सामग्री के इस्तेमाल पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।

यह भी पढ़ें- नेपाल में फंसे मध्य प्रदेश के लोगों के लिए राहत की खबर, राज्य सरकार ने जारी किए हेल्पलाइन और व्हाट्सएप नंबर