Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में आठ स्थानों पर एफओबी की मंजूरी, 31 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य

    Updated: Sat, 31 Jan 2026 11:44 PM (IST)

    दिल्ली सरकार ने शहर के आठ स्थानों पर नए फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने को मंजूरी दे दी है। फुटओवर ब्रिज, सबवे कमेटी की बैठक में तकनीकी अड़चनों पर चर्चा कर ...और पढ़ें

    दिल्ली में आठ स्थानों पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की मंजूरी।

     दिल्ली में आठ स्थानों पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की मंजूरी।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने शहर के आठ स्थानों पर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) बनाने की मंजूरी दे दी है। इसे लेकर गत बुधवार को फुटओवर ब्रिज, सबवे कमेटी की बैठक में इन फुटओवर ब्रिज को लेकर आ रही तकनीकी अड़चनों पर चर्चा की गई और इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर विचार हुआ है। जिन स्थानों पर जमीन को लेकर अड़चन आ रही है, उन स्थानों पर दूसरे विभागों से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने के लिए कहा गया है।

    कुछ दिन पहले निरीक्षण समिति ने कुछ स्थानों पर कुछ तकनीकी अड़चनें पाई थीं। निरीक्षण समिति ने अपनी रिपोर्ट में सरकार को बताया कि सभी एफओबी के लिए यातायात की दृष्टि से अध्ययन किया गया था और व्यवहार्यता सर्वेक्षण किया गया। कमेटी ने इस माह के अंत तक इन एफअोबी को लेकर तकनीकी प्रक्रिया पूरी कर 31 जुलाई तक इन्हें तैयार कर लेने के लिए कहा है।

    इस स्थानों पर बनने वाले फुटओवर ब्रिज पर बैठक में हुई चर्चा

    इन स्थानों में मधुबन चौक, वेलकम-कट (जीटी रोड), शाहबाद डेयरी, बेर सराय मार्केट, लाल बहादुर शास्त्री संस्कृत विद्यापीठ, ओखला सब्जी मंडी, जनकपुरी जीवन पार्क बस स्टैंड और माता चानन देवी अस्पताल शामिल हैं। निरीक्षण समिति की सिफारिशों के आधार पर समिति ने प्रस्तावित स्थान पर एफओबी के निर्माण को मंजूरी दे दी है।

    कितने स्थानों पर फुटओवर ब्रिज बनाए जाने के मिले हैं सुझाव

    आदर्श नगर में दो स्थान, त्रिलोकपुरी में चार स्थान, महरौली में 10 स्थान, नरेला में दो स्थान, कृष्णा नगर में तीन स्थान, बाबरपुर में एक स्थान, मोती नगर में चार स्थान, विश्वास नगर में एक स्थान पर फुटओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव मिला है। वहीं जनकपुरी में पांच स्थान, गांधीनगर में एक स्थान, देवली में दो स्थान, नांगलोई में एक स्थान, सीमापुरी में दो स्थान, बवाना में आठ, नरेला में छह स्थान और गोकुलपुर विधानसभा क्षेत्र में एक स्थान पर फुटओवर ब्रिज बनाने का प्रस्ताव सरकार को मिला है।

    खबरें और भी

    वहीं पूर्वी दिल्ली से सांसद व केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने अपने लोकसभा क्षेत्र में चार स्थानों पर और उत्तरी पूर्वी जिला से सांसद मनोज तिवारी ने अपने लाेकसभा क्षेत्र में एक स्थान पर फुटओवर ब्रिज बनाए जाने का प्रस्ताव दिया है।

    बता दें कि दिल्ली सरकार ने कुछ माह पहले सभी विधायकों और सांसदों से अपने-अपने इलाकों में फुटओवर ब्रिज बनाए जाने वाले स्थानों के बारे में जानकारी मांगी थी। जिससे पैदल यात्रियों को होने वाली समस्याओं को बेहतर तरीके से समाधान किया जा सके। इसके बाद दिल्ली सरकार को 60 स्थानों पर फुटओवर ब्रिज बनाने के लिए प्रस्ताव मिले। जिसमें सबसे अधिक महरौली विधानसभा क्षेत्र से प्रस्ताव मिले हैं।

    सड़कों पर लोगों के सुरक्षित आवागमन के लिए सरकार प्रतिबद्ध: प्रवेश वर्मा

    दिल्ली के विकास के लिए आधुनिक समाधानों की ज़रूरत है। सड़क पार करते समय किसी को भी अपनी जान जोखिम में नहीं डालनी चाहिए। ये फुटओवर ब्रिज ठीक उन जगहों पर बनाए जा रहे हैं जहां सुरक्षा की चिंता सबसे ज़्यादा है, जिससे ट्रैफिक फ्लो आसान होगा और पैदल चलने वालों के लिए सुरक्षित रास्ता मिलेगा। - प्रवेश वर्मा, मंत्री-लाेक निर्माण विभाग