5 रुपये में भरपेट भोजन, 50 'यू-स्पेशल' बस रूट और नए हॉस्टल... DU के छात्रों के लिए काम की हर डिटेल
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शहीद भगत सिंह कॉलेज के डायमंड जुबली समारोह में नई स्टार्टअप पॉलिसी के तहत 500 करोड़ रुपये के निवेश और छात्रों के ...और पढ़ें
-1784196587909_m.webp)
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू के शहीद भगत सिंह कालेज के वर्षभर चलने वाले डायमंड जुबली समारोह का शुभारंभ गुरुवार को डीयू के कन्वेंशन हाल में हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उच्च शिक्षा, स्टार्टअप और छात्र कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
वहीं, डीयू के कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह ने विश्वविद्यालयों को देश के आर्थिक विकास का केंद्र बताते हुए विद्यार्थियों को रोजगार तलाशने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार नई स्टार्टअप पालिसी के तहत 500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी, ताकि युवाओं के नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिल सके।
16 अगस्त से डीयू परिसर में अटल कैंटीन शुरू
उन्होंने घोषणा की कि 16 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर डीयू परिसर में अटल कैंटीन शुरू की जाएगी, जहां विद्यार्थियों को मात्र पांच रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि डीयू के लिए संचालित यू स्पेशल बसों के रूट बढ़ाकर 50 किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों की आवाजाही आसान होगी।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली को उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र बनाने के लिए सरकार बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले विद्यार्थियों की आवास संबंधी समस्याओं को देखते हुए दिल्ली सरकार बेहतर छात्रावास विकसित करने की दिशा में भी काम करेगी। उन्होंने कॉलेजों से अपने आसपास की बस्तियों के बच्चों को शिक्षा और अवसरों से जोड़ने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए डीयू कुलगुरु प्रो. योगेश सिंह ने कहा कि विकसित भारत के लिए देश को सैकड़ों बहुराष्ट्रीय कंपनियों की आवश्यकता है और ऐसे उद्यमी विश्वविद्यालयों से ही निकलेंगे।
उन्होंने कॉलेजों से बिजनेस इनक्यूबेटर स्थापित करने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थियों में नवाचार और उद्यमिता की भावना विकसित करना समय की जरूरत है। उन्होंने शहीद भगत सिंह कालेज की उपलब्धियों की सराहना करते हुए बताया कि कालेज ने एनआइआरएफ रैंकिंग में 101वें स्थान से छलांग लगाकर 39वां स्थान हासिल किया है।
खबरें और भी
समारोह में कॉलेज की 60 वर्षों की यात्रा पर आधारित वीडियो भी प्रदर्शित किया गया। प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार अत्री ने कहा कि डायमंड जुबली केवल अतीत की उपलब्धियों का उत्सव नहीं, बल्कि भविष्य की नई दिशा तय करने का अवसर भी है।