यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 15, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'आम आदमी पार्टी सरकार हिंदुओं के पर्व पर लगवाती थी प्रतिबंध...', CM रेखा गुप्ता और उनके मंत्रियों का हमला
सुप्रीम कोर्ट द्वारा दीपावली पर ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति देने पर दिल्ली सरकार और भाजपा ने खुशी जताई है। ...और पढ़ें

ग्रीन पटाखों की अनुमति पर सीएम ने सुप्रीम कोर्ट का आभार जताया। आर्काइव
HighLights
सुप्रीम कोर्ट ने दी ग्रीन पटाखों की अनुमति।
भाजपा ने किया फैसले का स्वागत।
आप सरकार पर हिंदू विरोधी होने का आरोप।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट की ओर से दीपावली पर ग्रीन पटाखे चलाने की अनुमति देने का दिल्ली सरकार और भाजपा ने स्वागत किया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर पोस्ट कर कहा, दिल्ली सरकार के विशेष आग्रह पर राजधानी में ग्रीन पटाखों के उपयोग की अनुमति प्रदान करने के लिए सुप्रीम कोर्ट का आभार।
यह निर्णय दीपावली जैसे पवित्र पर्व पर जनभावनाओं और उत्साह का सम्मान करता है। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के प्रति संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाता है। दिल्ली सरकार जनभावनाओं का सम्मान करते हुए स्वच्छ और हरित दिल्ली के संकल्प के प्रति प्रतिबद्ध है। हमारा लक्ष्य है कि त्योहारों की रौनक बरकरार रहे और पर्यावरण की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो।
दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा, दिल्ली में हिंदुओं के त्योहार पर प्रतिबंध लगना बंद हो गया। पूर्व की सरकार भी सुप्रीम कोर्ट जा सकती थी। वह जानबूझकर पटाखों पर प्रतिबंध लगवाती थी। रेखा गुप्ता सरकार ने सुप्रीम कोर्ट जाकर सही तथ्य रखे। अदालत ने भी जनभावनाओं का सम्मान किया। इस बार दिल्ली में परंपरागत तरीके से पटाखों वाली दीवाली मनेगी।
पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, लोग प्रकाश के त्योहार को खुशी और पर्यावरण संरक्षण की अपनी जिम्मेदारी के साथ मना सकें इसके लिए दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट गई थी। अदालत के निर्णय से लोग अनुशासन के साथ अपना त्योहार मना सकेंगे।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से लोगों में खुशी है। पूर्व की आप सरकार हिंदू विरोधी थी। वह जानबूझकर सुप्रीम कोर्ट में गलत आंकड़े रखकर पटाखों को ही प्रदूषण का दोष देती थी। दिल्लीवासियों ने सही तरह से अपने वोट के अधिकार की उपयोग किया, जिससे उन्हें ग्रीन पटाखे के साथ दीवाली मनाने का अवसर मिल रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।