Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का कहर, 46 डिग्री के पार पहुंचा पारा; अगले छह दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट

    Updated: Thu, 21 May 2026 07:39 AM (GMT+05:30)

    राजधानी दिल्ली भीषण गर्मी की चपेट में है, जहां मुंगेशपुर में तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और कई इलाकों में लू चली। ...और पढ़ें

    दोपहर की भीषण गर्मी में यमुना बाजार के पास से गुजरते श्रमिक। जागरण

    दोपहर की भीषण गर्मी में यमुना बाजार के पास से गुजरते श्रमिक। जागरण


    HighLights

    1. दिल्ली में भीषण गर्मी, मुंगेशपुर में 46.3 डिग्री तापमान दर्ज।

    2. राजधानी में अगले छह दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी।

    3. शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं से गर्मी लगातार बनी हुई है।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। भीषण गर्मी की चपेट में चल रही राजधानी में बुधवार को भी गर्मी के तेवर खासे तल्ख रहे। ऑरेंज अलर्ट के बीच साफ आसमान, तीखी धूप और गर्म हवा के थपेड़ों से सभी का हाल बेहाल रहा।

    हालांकि तापमान में एक दिन पहले के मुकाबले आंशिक कमी देखने को मिली, लेकिन उससे राहत कोई नहीं मिली। लगातार दूसरे दिन भी दिल्ली के अनेक इलाकों में लू चली। मौसम विभाग ने 26 मई तक यानी अगले छह दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट भी पहले से जारी किया हुआ है।

    बुधवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 48 से 11 प्रतिशत रिकॉर्ड हुआ। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री के लिहाज से मुंगेशपुर और सर्वाधिक न्यूनतम तापमान 30.9 डिग्री की दृष्टि से राजघाट राजधानी के सबसे गर्म इलाके रहे। चार इलाके मुंगेशपुर, आयानगर, रिज और लोधी रोड लू से प्रभावित रहे।

    स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से उत्तर-पश्चिमी हवाएं राजस्थान के थार रेगिस्तान और मध्य पाकिस्तान के हिस्सों से राष्ट्रीय राजधानी की ओर आ रही हैं। शुष्क क्षेत्रों से गुजरते हुए, ये हवाएं दिल्ली पहुंचते-पहुंचते और शुष्क हो जाती हैं। इससे गर्मी कम हो ही नहीं पाती।

    पलावत ने बताया कि दिन में भीषण गर्मी के कारण पिछले कुछ दिनों से रात का तापमान भी अधिक बना हुआ है। जमीन को संचित गर्मी छोड़ने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता, जिससे रातें लगातार गर्म रहती हैं। अभी अगले सप्ताह भर तक कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी।

    बृहस्पतिवार के लिए मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन भर आसमान साफ रहेगा। ज्यादातर जगह लू चलेगी। कहीं कहीं गंभीर श्रेणी की लू भी चल सकती है। 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं भी चलने की संभावना है। अधिकतम तापमान 46 डिग्री जबकि न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

    बुधवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान
    स्थान अधिकतम तापमान (°C)
    मुंगेशपुर 46.3
    रिज 45.8
    आयानगर 45.0
    पालम 44.9
    लोधी रोड 44.6
    सफदरजंग 44.5

    यह भी पढ़ें: गुरुग्राम में मानसून जलभराव की निगरानी अब 700 सीसीटीवी कैमरों से होगी