कालकाजी मंदिर गैंगरेप में दिल्ली पुलिस का एक्शन, मुठभेड़ के बाद एक दरिंदा गिरफ्तार; बाकी 2 को भी पकड़ा
दिल्ली पुलिस ने कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद ...और पढ़ें
HighLights
17 वर्षीय किशोरी से कालकाजी मंदिर के पास सामूहिक दुष्कर्म
दिल्ली पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपित को दबोचा
दो अन्य आरोपियों को भी दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। आस्था कुंज पार्क में 17 वर्षीय किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में आरोपी आसिफ मंगलवार रात पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया।
दक्षिण-पूर्व जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ की टीम ने अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास उसे घेरने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि घिरने के बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन गोलियां चलाईं।
एक गोली हेड कॉन्सटेबल राजेश की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिसकर्मी ने दो गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल आसिफ को एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
वहीं, बाकी दोनों आरोपियों को पुलिस ने दिल्ली की श्रीनिवासपुरी कॉलोनी से हिरासत में लिया है, इनसे पूछताछ की जा रही है। अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है। ये दोनों भाई बताए जा रहे हैं। बड़ा भाई दिल्ली की एक कोर्ट में वकील और छोटा भाई बीएससी कर रहा है। ये मूल रूप से फरीदाबाद के रहने वाले हैं।
कालकाजी मंदिर गई थी किशोरी
दक्षिणी पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त विनीत कुमार ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:45 बजे नाबालिग से दुष्कर्म की सूचना पीसीआर को मिली थी। अमर कॉलोनी थाना पुलिस आस्था कुंज पार्क पहुंची, जहां पीड़िता अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिली।
पीड़िता के बयान के अनुसार, वह अपने दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर में दर्शन करने गई थी। इसके बाद दोनों गेट नंबर सात से आस्था कुंज पार्क में पहुंची। वहां तीन युवकों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसे दोस्त से अलग कर सुनसान स्थान पर ले गए।
चाकू की नोक पर किया दुष्कर्म
आरोप है कि आसिफ ने हथियार और चाकू दिखाकर नाबालिग से दुष्कर्म किया। इसके बाद उसके दो साथियों ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी ने पीड़िता और उसके दोस्त को धमकाया।
पुलिस के मुताबिक पीड़िता का एम्स में मेडिकल कराया गया। क्राइम टीम और एफएसएल ने घटनास्थल की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। अमर कॉलोनी थाने में एफआईआर संख्या 354/26 दर्ज की गई है। इसमें बीएनएस की धारा 70(2), 61(2), 115(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6/17 लगाई गई हैं।
कालकाजी मंदिर से पार्क पहुंचे थे दोनों
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और उसका नाबालिग दोस्त सोमवार शाम कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे थे। दर्शन के बाद दोनों मंदिर से बाहर निकले और आस्था कुंज पार्क की तरफ चले गए। इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे।
आरोप है कि उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों को धमकाया। इसके बाद पीड़िता को उसके दोस्त से अलग कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान के प्रयास शुरू किए।
कई टीमों को तलाश में लगाया गया था
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की थीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में CCTV फुटेज की जांच की। इसी जांच के दौरान पुलिस को आरोपी आसिफ के बारे में सुराग मिला।
मंगलवार रात उसे अमर कॉलोनी स्थित डीएम ऑफिस रोड के पास पकड़ने की कोशिश की गई। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मुठभेड़ हुई और आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया। इसके बाद बाकी दोनों आरोपियों को भी हिरासत में लिया गया, जिनसे पूछताछ जारी है।
