दिल्ली में 27 जून से सजेगा 'त्रिपुरा ग्लोबल पाइनएप्पल महोत्सव', जानें आपके लिए क्या है इसमें खास?
त्रिपुरा का तीन दिवसीय 'ग्लोबल पाइनएप्पल महोत्सव' 27 जून से दिल्ली में आयोजित होगा, जिसका उद्देश्य 'क्वीन पाइनएप्पल' को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाना है। ...और पढ़ें

त्रिपुरा का तीन दिवसीय 'ग्लोबल पाइनएप्पल महोत्सव' 27 जून से दिल्ली में आयोजित होगा। इमेज एआई
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में तीन दिवसीय 'त्रिपुरा ग्लोबल पाइनएप्पल महोत्सव' का 27 जून से आयोजन होगा। इस वैश्विक प्रदर्शनी महोत्सव में देश- विदेश के किसान, नीति- निर्माता और बड़े व्यापारी एक मंच पर जुटेंगे।
'क्वीन पाइनएप्पल' प्रजाति को मिलेगा वैश्विक पहचान
इस महोत्सव का मुख्य उद्देश्य वर्ष 2014 में भौगोलिक संकेतक हासिल करने वाली त्रिपुरा की प्रसिद्ध 'क्वीन पाइनएप्पल' प्रजाति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना और राज्य की समृद्ध कृषि व सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन करना है।
इस खास आयोजन के दौरान जहां एक तरफ त्रिपुरा के पांच प्रगतिशील पाइनएप्पल किसानों को सम्मानित किया जाएगा, वहीं दूसरी तरफ उनके बेहतरीन कृषि उत्पादों के प्रदर्शन के लिए 25 विशेष स्टाल भी लगाए जाएंगे।

इस महोत्सव में सबसे बड़ा आकर्षण का केंद्र त्रिपुरा सरकार का अभिनव वेस्ट से वेल्थ (कचरे से कमाई) माडल होगा। जो पर्यावरण और अर्थव्यवस्था दोनों के लिए महत्वपूर्ण होगा। अब पाइनएप्पल के मुख्य फल के साथ- साथ उसके तने और बेकार पत्तियों का भी व्यावसायिक इस्तेमाल किया जाएगा। तने से औषधीय गुणों से भरपूर ब्रोमेलेन एंजाइम निकाला जाएगा।
इसके लिए त्रिपुरा के अगरतला और गोमती में दो विशेष प्लांट स्थापित किए जा रहे हैं। इसके अलावा पाइनएप्पल की बेकार फेंक दी जाने वाली पत्तियों से प्रीमियम 'पाइनएप्पल फाइबर' (धागा) तैयार किया जाएगा, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजारों और होम डेकोर बाजारों में भारी मांग है।
स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए इस मिशन के तहत ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों की महिला स्वयं सहायता समूहों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए पाइनएप्पल से जैम, जेली, जूस और कैंडी उत्पाद बनाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस पूरे अभियान को गति देने के लिए राज्य सरकार 236 करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी 'मिशन क्वीन पाइनएप्पल' संचालित कर रही है।
खबरें और भी
त्रिपुरा भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री रतन लाल नाथ ने कहा कि क्वीन पाइनएप्पल हमेशा से खास रही है। इस महोत्सव के माध्यम से किसानों और वैश्विक बाजारों के भी सीधा संबंध स्थापित करना है ताकि किसानों बाजार में स्वंय अपने फल बेचकर लाभ कमा सकें।