विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Delhi Laxmi Yojana में किसे मिलेंगे 2,500 और कैसे करें आवेदन? जानें डॉक्यूमेंट्स और नियमों की पूरी डिटेल

Published: Sat, 01 Aug 2026 03:03 PM (IST)

Delhi Laxmi Yojana 2026 के लिए 1 अगस्त 2026 से रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता मिलेगी।

Delhi Laxmi Yojana 2026 के लिए आज से शुरू हुए रजिस्ट्रेशन। फोटो: एआई जनरेटेड

Delhi Laxmi Yojana 2026 के लिए आज से शुरू हुए रजिस्ट्रेशन। फोटो: एआई जनरेटेड

HighLights

  1. 1 अगस्त 2026 से दिल्ली लक्ष्मी योजना के रजिस्ट्रेशन शुरू

  2. पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता

  3. 17 लाख से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का लक्ष्य

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली सरकार ने 1 अगस्त 2026 से दिल्ली लक्ष्मी योजना के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं। योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने ₹2,500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

सरकार का दावा है कि इससे 17 लाख से अधिक महिलाओं को लाभ मिलेगा। यदि आप भी इस योजना के लिए आवेदन करना चाहती हैं, तो पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन से जुड़े सभी नियम पहले जान लेना जरूरी है।

क्या है दिल्ली लक्ष्मी योजना?

दिल्ली लक्ष्मी योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर महिलाओं को हर महीने वित्तीय सहायता देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। दिल्ली सरकार ने वर्ष 2026-27 के बजट में इस योजना के लिए 5,110 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

 कब से शुरू हुए आवेदन?

योजना के लिए 1 अगस्त 2026 से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू हो गए हैं। आवेदन केवल दिल्ली सरकार के आधिकारिक दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल के माध्यम से किए जा सकेंगे।

हर महीने कैसे मिलेंगे 2,500?

सरकार ने लाभार्थियों को दो विकल्प दिए हैं:-

विकल्प-1

  • 1,500 रुपये हर महीने आरडी (Recurring Deposit) या एफडी (Fixed Deposit) खाते में जमा होंगे।
  • 1,000 रुपये CBDC (सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी) वॉलेट में दिए जाएंगे, जिनका उपयोग केवल सरकार द्वारा स्वीकृत आवश्यक वस्तुओं की खरीद में किया जा सकेगा।

विकल्प-2

  • पूरे 2,500 रुपये सीधे आरडी या एफडी खाते में जमा कराने का विकल्प भी उपलब्ध होगा।

कौन-कौन महिलाएं आवेदन कर सकती हैं?

योजना का लाभ पाने के लिए महिला को इन सभी शर्तों को पूरा करना होगा:-

  • आयु 21 से 60 वर्ष के बीच हो।
  • परिवार की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये या उससे कम हो।
  • महिला या उसका परिवार कम से कम 10 वर्षों से दिल्ली का निवासी हो।
  • एक परिवार से केवल एक महिला ही योजना का लाभ ले सकेगी।
  • परिवार में सबसे बड़ी पात्र महिला को प्राथमिकता मिलेगी।

किन महिलाओं को नहीं मिलेगा लाभ?

इन श्रेणियों की महिलाएं योजना के लिए पात्र नहीं होंगी:-

  • आयकर (Income Tax) देने वाली महिलाएं।
  • जीएसटी रिटर्न दाखिल करने वाली महिलाएं।
  • सरकारी कर्मचारी या जिनके परिवार का कोई सदस्य सरकारी विभाग या पीएसयू में कार्यरत हो।
  • जो पहले से किसी अन्य सरकारी आर्थिक सहायता योजना का लाभ ले रही हों।
  • जिनके परिवार के पास चार पहिया वाहन हो।
  • जिनके परिवार की वार्षिक बिजली खपत 2,400 यूनिट से अधिक हो।
  • जिनके तीन से अधिक बच्चे हों।
  • जिनका आपराधिक रिकॉर्ड हो।

आवेदन के लिए कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं?

1. अनिवार्य दस्तावेज

  • आधार कार्ड
  • दिल्ली वोटर आईडी
  • पासपोर्ट साइज फोटो
  • हस्ताक्षर
  • स्थानीय विधायक (MLA) या सांसद (MP) का सिफारिश पत्र

2. 10 वर्ष से दिल्ली में रहने का प्रमाण (कोई एक)

  •  दिल्ली वोटर आईडी
  •  राशन कार्ड
  •  ड्राइविंग लाइसेंस
  •  बिजली बिल
  •  गैस कनेक्शन का बिल या रसीद

3. आयु प्रमाण (कोई एक)

  •  जन्म प्रमाण पत्र
  •  स्कूल छोड़ने का प्रमाणपत्र (SLC)
  •  10वीं की मार्कशीट या प्रमाणपत्र
  •  पैन कार्ड
  •  ड्राइविंग लाइसेंस
  • आधार कार्ड
  • वोटर आईडी

आवेदन कैसे करें?

  • दिल्ली सरकार के आधिकारिक दिल्ली लक्ष्मी योजना पोर्टल पर जाएं।
  • नया रजिस्ट्रेशन करें।
  • मोबाइल नंबर और आधार से सत्यापन पूरा करें।
  • मांगी गई सभी व्यक्तिगत जानकारी भरें।
  • आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
  • भुगतान प्राप्त करने का विकल्प (RD/FD या CBDC) चुनें।
  • आवेदन जमा करने के बाद रसीद सुरक्षित रखें।

योजना के तहत सिर्फ पैसे ही नहीं, ये सुविधाएं भी मिलेंगी

सरकार का कहना है कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है। इसके जरिए महिलाओं और उनके परिवारों को कई सामाजिक योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।

  • बेटियों का स्कूल में दाखिला बढ़ाने पर जोर।
  • बच्चों के APAAR कार्ड और ABHA हेल्थ आईडी बनवाने के लिए प्रोत्साहन।
  • समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की पहल।
  • पोषण ट्रैकर पर पंजीकरण को बढ़ावा।
  • 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधरोपण के लिए प्रेरित करना।
  • स्वच्छ भारत अभियान में भागीदारी बढ़ाना।
  • स्वयं सहायता समूह (SHG) और कौशल विकास प्रशिक्षण से जोड़कर महिलाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना।

एक नजर में दिल्ली लक्ष्मी योजना

सवाल जवाब
आवेदन कब से शुरू? 1 अगस्त 2026
कितनी सहायता मिलेगी? 2,500 रुपये प्रति माह
लाभार्थी 17 लाख से अधिक महिलाओं का अनुमान
आय सीमा 2.5 लाख रुपये वार्षिक
आयु सीमा 21-60 वर्ष
दिल्ली में निवास कम से कम 10 वर्ष
परिवार से कितनी महिलाएं केवल एक
आवेदन माध्यम दिल्ली लक्ष्मी योजना का आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल

आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेज तैयार रखें और यह सुनिश्चित कर लें कि आप योजना की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करती हैं। पात्रता पूरी न होने या गलत जानकारी देने पर आवेदन निरस्त किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- अब महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2500, इस दिन से शुरू हो रही है 'लक्ष्मी योजना'; आपको कैसे मिलेगा इसका फायदा?