विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

स्वतंत्रता दिवस-रक्षाबंधन पर दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा की चिंता, व्यापारियों ने मांगी अतिरिक्त पुलिस गश्त

Updated: Wed, 12 Aug 2026 06:40 AM (IST)

स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली के बाजारों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। व्यापार संघों ने आतंकी हमलों, चोरी और अतिक्रमण जैसी चिंताओं के बीच अतिरिक्त पुलिस बल और गश्त की तैनाती का आग्रह किया है।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

एआई जेनेरेटेड इमेज।

HighLights

  1. स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन पर दिल्ली के बाजारों में सुरक्षा चिंता।

  2. व्यापार संघों ने अतिरिक्त पुलिस बल, गश्त की मांग की।

  3. अतिक्रमण हटाने, महिला पुलिस तैनाती पर भी जोर।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस व रक्षाबंधन त्यौहार में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली के बाजारों की चिंता बढ़ गई है। चिंता न सिर्फ आतंकी हमले की है, बल्कि सामान चोरी, जेबतराशी समेत अन्य की घटनाएं बढ़ जाती है।

फेडरेशन आफ दिल्ली ट्रेड एसोसिएशन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखकर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की है।

पत्र में संगठन के अध्यक्ष राधेश्याम शर्मा व महामंत्री देवेंद्र जैन ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस और रक्षाबंधन के उपलक्ष्य में आम जनता की भारी भीड़ जुटने लगती है व बाजारों में चहल-पहल बढ़ने से जहां व्यापार को गति मिलती है, वहीं सुरक्षा और यातायात प्रबंधन एक बड़ी चुनौती बन जाता है।

ऐसे में सुरक्षा और व्यवस्था के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती आवश्यक है।

अतिरिक्त पुलिस गश्त की मांग

पत्र में आगे मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया गया है कि बाजारों की संकरी गलियों और मुख्य मार्गों पर जेबकतरों व असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए। इसी तरह, महिला खरीदारों की सुरक्षा के लिए विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए।

उधर, चांदनी चौक सर्व व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय भार्गव ने व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि अभी भी चांदनी चौक मुख्य मार्ग से लेकर प्रमुख बाजारों में रेहड़ी-पटरी वालों का अवैध अतिक्रमण बरकरार है।

अवैध अतिक्रमण से हालात चिंताजनक

इसी तरह, लालकिला के सामने नेता जी सुभाष मार्ग पर अवैध अतिक्रमण के साथ अवैध पटरी से हालात चिंताजनक है। यह स्थिति तब है जब कुछ माह पहले ही इसी मार्ग आतंकी धमाका हुआ था। उन्होंने मामले में पुलिस आयुक्त से हस्तक्षेप कर अतिक्रमण हटाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

सरोजनी नगर मिनी मार्केट के प्रधान अशोक रंधावा ने बताया कि अभी बाजार में प्रवेश करने वालों की मेटल डिटेक्टर से जांच नहीं हो रही है। इसी तरह जगह-जगह अतिक्रमण भी है। उन्होंने पुलिस से दिल्ली पुलिस के साथ ही अर्ध सैनिक बल तैनात करने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- 'आन-बान-शान के साथ मनाएं स्वतंत्रता दिवस', पीएम मोदी ने की घरों में तिरंगा फहराने की अपील

यह भी पढ़ें- 'स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का अपमान', वंदे मारतम् पर टिप्पणी को लेकर बीजेपी ने शशि थरूर को घेरा