विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क का होगा विस्तार, जाम से राहत के लिए बनेगा 200 किमी तक का साइकिल ट्रैक

Published: Sat, 24 Oct 2026 07:41 PM (IST)

दिल्ली में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मेट्रो नेटवर्क को 695 किमी तक बढ़ाने और 200 किमी साइकिल ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. मेट्रो नेटवर्क 416 से 695 किमी तक विस्तारित होगा।

  2. दिल्ली में 200 किमी लंबे नए साइकिल ट्रैक बनेंगे।

  3. मास्टर प्लान-2047 में परिवहन व्यवस्था पर विशेष जोर।

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से निपटने के लिए मेट्रो नेटवर्क का विस्तार 416 किमी से बढ़ाकर 695 किमी करने और करीब 200 किमी लंबे साइकिल ट्रैक विकसित करने की योजना है।

दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने दिल्ली के मास्टर प्लान-2047 (एमपीडी-2047) को लेकर हितधारकों की 11वें बैठक में यातायात प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन, पार्किंग और पैदल यात्रियों की सुविधाओं से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा की।

परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर चर्चा

एलजी तरनजीत सिंह संधू के निर्देश पर आयोजित बैठक में एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, एनएचएआई, डीएमआरसी और अन्य संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने और विभिन्न साधनों के बीच संपर्क मजबूत करने पर जोर दिया गया।

मेट्रो और नमो भारत नेटवर्क का विस्तार

एमपीडी-2047 में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नमो भारत नेटवर्क को मौजूदा 82 किमी से बढ़ाकर 383 किमी करने की परिकल्पना की गई है। इसके अलावा सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट में परिवहन केंद्रों के जरिये मेट्रो सहित विभिन्न परिवहन साधनों के बीच संपर्क बेहतर बनाने की योजना है।

नए विकसित हो रहे शहरी क्षेत्रों तक परिवहन सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने और यात्रियों को अंतिम छोर तक बेहतर कनेक्टिविटी देने पर भी जोर है।

पार्किंग के लिए बनेगी क्षेत्रवार योजना

जाम वाले इलाकों में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए क्षेत्रवार पार्किंग योजनाएं तैयार करने और पार्किंग स्थलों के बेहतर इस्तेमाल का प्रस्ताव है। अधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्रों को पार्किंग प्रबंधन क्षेत्र के रूप में चिह्नित किया जाएगा। पार्किंग की योजना, संचालन और नियमन के लिए एकीकृत ढांचा तैयार करने की भी परिकल्पना है।

पैदल यात्रियों की सुविधाएं होंगी बेहतर

यातायात की बाधाएं दूर करने के लिए नए सड़क नेटवर्क, अंडरपास, एलिवेटेड कॉरिडोर, सड़क संपर्क की छूटी कड़ियों को जोड़ने और चौराहों में सुधार के प्रस्ताव हैं। पैदल चलने और साइकिल चलाने को बढ़ावा देने के साथ सुरक्षित सड़क डिजाइन और दिव्यांगजनों के लिए सुगम पहुंच पर भी ध्यान दिया जाएगा।

यातायात व पार्किंग प्रबंधन में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) के इस्तेमाल तथा दिल्ली के लिए एकीकृत महानगरीय परिवहन प्राधिकरण (यूएमटीए) गठित करने की भी योजना है।

अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी बेहतर बनाने का सुझाव

बैठक में हितधारकों ने यातायात प्रबंधन, पार्किंग, बहु-माध्यम परिवहन और अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के सुझाव दिए। यह परामर्श डीडीए के तीन माह के संवाद कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य मास्टर प्लान के प्रभावी क्रियान्वयन में विभिन्न पक्षों की भागीदारी सुनिश्चित करना है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली मेट्रो में किसने चिपकाए सरकार विरोधी पोस्टर? Whatsapp ग्रुप में जुड़ने के लिए दिया QR कोड; तलाश शुरू

यह भी पढ़ें- एक्सीडेंट होने पर सड़क पर कुत्ता आने का बहाना नहीं चलेगा, दिल्ली HC ने कहा- ड्राइवर को गाड़ी पर कंट्रोल रखना जरूरी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।