15 अगस्त के लिए बदला दिल्ली मेट्रो का शेड्यूल, हर 30 मिनट में मिलेगी ट्रेन; 1.30 लाख QR टिकट भी जारी
दिल्ली मेट्रो 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सुबह 4 बजे से अपनी सेवाएं शुरू करेगी। सभी टर्मिनल स्टेशनों से मेट्रो 30 मिनट के अंतराल पर चलेगी और रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख विशेष क्यूआर टिकट दिए गए हैं।

स्वतंत्रता दिवस के लिए दिल्ली मेट्रो ने बदला समय। फोटो: आर्काइव
HighLights
15 अगस्त को दिल्ली मेट्रो सुबह 4 बजे से चलेगी
सभी टर्मिनल स्टेशनों से 30 मिनट के अंतराल पर सेवा
रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख विशेष क्यूआर टिकट दिए गए
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले विशेष अतिथियों, आमंत्रितों और आम लोगों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) 15 अगस्त को सुबह चार बजे से मेट्रो सेवा शुरू करेगा। यह सेवा डीएमआरसी नेटवर्क के सभी टर्मिनल स्टेशनों से शुरू होगी।
हर लाइन पर 30 मिनट के अंतराल पर चलेगी मेट्रो
डीएमआरसी के अनुसार, नियमित समय-सारिणी के तहत सामान्य राजस्व सेवा शुरू होने तक सभी लाइनों पर मेट्रो 30 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध रहेगी। इसके बाद निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार नियमित मेट्रो सेवाएं संचालित होंगी।
रक्षा मंत्रालय को दिए 1.30 लाख विशेष क्यूआर टिकट
विशेष अतिथियों और आमंत्रितों के सुगम आवागमन के लिए डीएमआरसी ने रक्षा मंत्रालय को 1.30 लाख विशेष प्री-वेंडेड क्यूआर टिकट उपलब्ध कराए हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से जारी वैध भौतिक प्रवेश पत्र रखने वाले आमंत्रितों को भी निर्धारित मेट्रो स्टेशनों पर विशेष प्री-वेंडेड क्यूआर टिकट दिए जाएंगे।
लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट होंगे नजदीकी स्टेशन
स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के लिए लाल किला, जामा मस्जिद और दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन सबसे नजदीक रहेंगे। इन विशेष क्यूआर टिकटों के माध्यम से की गई यात्रा का खर्च रक्षा मंत्रालय की ओर से डीएमआरसी को प्रतिपूर्ति किया जाएगा।
डीएमआरसी के प्रधान कार्यकारी निदेशक (कॉरपोरेट कम्युनिकेशंस) अनुज दयाल ने यह जानकारी दी।
यह भी पढ़ें- लाल किला के पास चीलों को 1275 किलो बोनलेस चिकन की दावत, स्वतंत्रता दिवस पर वायुसेना की खास तैयारी

