दिल्ली: जन्मदिन मनाने के बहाने बुलाकर पहले गले लगाया फिर सिर में मार दी गोली, पुरानी रंजिश में हत्या से सनसनी
दिल्ली में पुरानी रंजिश के चलते एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। उसे जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाया ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
दिल्ली में जन्मदिन पार्टी में हत्या।
पुरानी रंजिश बनी हत्या का कारण।
पुलिस कर रही है मामले की जांच।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। नवीन शाहदरा इलाके में एक बदमाश की उसके ही दोस्तों ने जन्मदिवस से पहले सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपितों ने रात में ही जन्मदिवस मनाने के बहाने बदमाश को घर के बाहर बुलाया, फिर उसके गले लगे और दो गोलियां दाग दीं। एक आरोपित कुणाल को लोगों ने मौके पर ही दबोच लिया और उसकी मोटरसाइकिल रोक ली जबकि उसका साथी अक्षित फरार हो गया, जिसे कुछ देर बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मृतक गगन आही (27) के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कई मामलों में था आरोपित
इस मामले में शाहदरा पुलिस थाने में हत्या समेत कई धाराओं में प्राथमिकी हुई है। पुलिस ने दावा किया है कि मृतक घोषित बदमाश था। उस पर हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने समेत चार मामलों में शामिल रहे थे। वहीं, आरोपितों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उनका गगन से झगड़ा हो गया था। इस कारण उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि गगन इलाके का बदमाश चाल (बैड कैरेक्टर) घोषित था।
डाॅक्टरों ने मृत घोषित कर दिया
गगन आही नवीन शाहदरा वी-ब्लाॅक में रहता था। शाहदरा जिला डीसीपी प्रशांत गौतम ने बताया कि वारदात शुक्रवार रात करीब 11:09 बजे नवीन शाहदरा वी-ब्लाक में छोटी हलवाई की दुकान के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति को गोली मार दी गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि गोली लगने से स्थानीय निवासी गगन गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद
हमलावरों ने उसकी दायीं कनपटी पर गोली मारी थी। उन्होंने बताया कि एक आरोपित कुणाल को लोगों ने मौके पर ही पकड़ लिया था और उसकी मोटरसाइकिल रोक ली थी। उसका एक साथी अक्षित फरार हो गया था, जिसे कुछ ही घंटों की मशक्कत के बाद दबोच लिया गया। उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद हुई है।
फोन कर घर से थोड़ी दूरी पर बुलाया
उन्होंने बताया कि मृतक गगन भी इलाके का बदमाश था। जांच में सामने आया कि शनिवार को गगन का जन्मदिवस था, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उनका गगन से कुछ दिन पहले झगड़ा हुआ था। उसकी सुलह करने व शुक्रवार रात में ही उसका जन्मदिवस मनाने के बहाने वह गए थे। गगन हो फोन कर घर से थोड़ी दूरी पर बुलाया और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस को उनसे यह भी पता चला कि मारने से पहले आरोपित उससे गले मिले थे।
10 दिन पहले पिता बना था गगन
गगन 10 दिन पहले ही पिता बना था। उसके घर बेटे ने जन्म लिया था। मृतक के पिता रवि ने बताया कि गोली चलने की जोरदार आवाज आई थी। बहू को बाहर देखने के लिए भेजा तो गगन लहूलुहान हालत में पड़ा था। हमलावर पास खड़े हुए थे।
कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही
प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि घटना में शामिल दो आरोपी मोटरसाइकिल पर आए थे और उन्हीं ने फायरिंग की। पुलिस ने एक आरोपी और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
आरोपियों ने गगन के सिर में गोली मार दी
घटना का कारण हालिया झगड़ा बताया जा रहा है। मृतक गगन और दोनों आरोपियों के बीच कुछ दिनों पहले तीखी बहस हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया है कि गुरुवार रात तीनों के बीच 'पैच-अप' की बातचीत के लिए मुलाकात तय हुई थी, लेकिन यह मुलाकात खून-खराबे में बदल गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ी और आरोपियों ने गगन के सिर में गोली मार दी।
पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी
गौरतलब है कि शुक्रवार को गगन का जन्मदिन था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। यह पहलू भी शहरभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि हत्या की मंशा पुरानी रंजिश और हालिया विवाद दोनों से जुड़ी हो सकती है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी है। केस बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।