दिल्ली नर्सरी दाखिला: दूसरी सूची जारी, कई अभिभावकों ने ली राहत की सांस
राजधानी के निजी स्कूलों में सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी, केजी और पहली कक्षा के दाखिले की दूसरी सूची व प्रतीक्षा सूची जारी हो गई है। सूची जारी होते ही क ...और पढ़ें
-1770685763505_m.webp)
नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में दाखिले के लिए चयनित छात्रों की दूसरी सूची और प्रतीक्षा सूची जारी की।
HighLights
निजी स्कूलों में नर्सरी दाखिले की दूसरी सूची जारी।
अभिभावकों ने राहत महसूस की, दाखिला प्रक्रिया शुरू।
दस्तावेज सत्यापन और फीस जमा करने की प्रक्रिया जारी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी के निजी स्कूलों में सत्र 2026-27 के लिए नर्सरी, केजी और पहली कक्षा में दाखिले के लिए चयनित छात्रों की दूसरी सूची और प्रतीक्षा सूची जारी की। सूची जारी होते ही कुछ अभिभावक आवश्यक दस्तावेज के साथ स्कूलों में पहुंचे और दाखिला प्रक्रिया पूरी कराई।
जिन स्कूलों में दोपहर से पहले दूसरी सूची जारी हुई, वहां उसी दिन दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। जबकि कुछ स्कूलों में सूची देर शाम जारी हुई, जिस कारण सोमवार को दाखिले की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी और अभिभावक मंगलवार को स्कूल पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करेंगे।
पहली सूची के बाद से दूसरी सूची का इंतजार कर रहे अभिभावकों के लिए यह दिन काफी अहम रहा। जिन बच्चों का नाम दूसरी सूची में आया, उनके अभिभावकों ने राहत की सांस ली। अभिभावकों ने कहा कि सूची दोपहर बाद आई है तो अब मंगलवार को दस्तावेज सत्यापन व फीस जमा कर दाखिला सुनिश्चित कराएंगे।
वहीं, कई नामी स्कूलों में पहली सूची और प्रतीक्षा सूची के जरिए ही सीटें भर चुकी हैं। ऐसे स्कूलों ने दूसरी सूची जारी नहीं की। वहीं, जिन स्कूलों ने दूसरी सूची जारी कर पर उन स्कूलों में बच्चों का नाम दूसरी सूची में नहीं आया, उनके अभिभावक अब तीसरी सूची का इंतजार कर रहे हैं।
कुछ अभिभावकों के बच्चों का नाम दूसरी सूची में ऐसे स्कूलों में आया, जो उनकी पहली प्राथमिकता में नहीं थे। इसके बावजूद सत्र खराब न हो, इसके लिए उन्होंने वहीं दाखिला कराया। उनका कहना है कि अगर तीसरी सूची में पसंदीदा स्कूल में नाम आया, तो वे पहले कराए गए दाखिले को रद कराकर मनचाहे स्कूल में प्रवेश दिलाएंगे।
सूची जारी होने में देरी के चलते कई स्कूलों में सोमवार को अभिभावक दिनभर फोन कर जानकारी लेते रहे कि दूसरी सूची कब जारी होगी और दाखिले की प्रक्रिया कब शुरू होगी।
शिक्षा निदेशालय के नियमों के अनुसार तय समय-सीमा के अंदर एक स्कूल में लिया गया दाखिला रद कराकर दूसरे स्कूल में प्रवेश लिया जा सकता है। विभिन्न निजी स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि दस्तावेज में किसी भी तरह की कमी पाए जाने पर दाखिला नहीं दिया जाएगा और सीट प्रतीक्षा सूची के अगले छात्र को दी जाएगी।
दाखिले के लिए जरूरी दस्तावेज
- बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र
- आधार कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट साइज फोटो