Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    जम्मू कश्मीर से नशीले पदार्थ लाकर दिल्ली में सप्लाई करने वाला गिरफ्तार, लाजपत नगर में बनाया था ठिकाना

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 12:00 PM (IST)

    दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जंगपुरा से जम्मू-कश्मीर के नार्को तस्कर हकीम मोहम्मद अल्ताफ को गिरफ्तार किया है। वह दिल्ली में नशीले पदार्थों की सप्लाई ...और पढ़ें

    हकीम मोहम्मद अल्ताफ जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तक नशीली दवाओं की सप्लाई और ट्रांसपोर्ट में अहम भूमिका निभाता था।

    हकीम मोहम्मद अल्ताफ जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तक नशीली दवाओं की सप्लाई और ट्रांसपोर्ट में अहम भूमिका निभाता था।

    HighLights

    1. स्पेशल सेल ने जंगपुरा से नार्को तस्कर अल्ताफ को दबोचा।

    2. जम्मू-कश्मीर से दिल्ली में ड्रग्स सप्लाई का मुख्य आरोपित।

    3. लाजपत नगर में ठिकाना बनाकर चलाता था नशा तस्करी।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मंगलवार को जंगपुरा इलाके से एक अंतर-राज्यीय नार्को तस्करी गिरोह के शातिर और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित हकीम मोहम्मद अल्ताफ को गिरफ्तार किया है। 58 वर्षीय अल्ताफ जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर का रहने वाला है और उसे 2023 में पटियाला हाउस कोर्ट ने फरार घोषित कर दिया था।

    एसीपी आशीष कुमार के नेतृत्व में इंस्पेक्टर विनय पाल और इंस्पेक्टर मनोज कुमार की टीम ने 3 अगस्त को जंगपुरा क्षेत्र में अल्ताफ की आवाजाही की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की। दोपहर करीब 2:45 बजे टीम ने उसकी पहचान कर गिरफ्तार कर लिया।

    यह मामला स्पेशल सेल के थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 117/21 से जुड़ा है। मई 2021 में स्पेशल सेल को जाकिर नगर में नशीली दवाओं की डिलीवरी की सूचना मिली थी। उस समय अल्ताफ उर्फ मेहराजुद्दीन दर्जी को 4.5 किलोग्राम एम्फेटामाइन के साथ पकड़ा गया था। इसके बाद आबिद हुसैन सुल्तान से 12 किलोग्राम एम्फेटामाइन, अफगान नागरिक हशमत मोहम्मदी से 5.04 किलोग्राम मेस्कालीन और अब्दुल्ला नजीबुल्लाह उर्फ नबी से 3.2 किलोग्राम एम्फेटामाइन बरामद हुई थी।

    जांच के दौरान ओखला के बाटला हाउस में एक ड्रग रिफाइनिंग फैक्ट्री का भी भंडाफोड़ हुआ, जहां से करीब 35.6 किलोग्राम हेरोइन और रिफाइनिंग सामग्री बरामद की गई। इस मामले में पहले ही नौ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

    खबरें और भी

    पुलिस के अनुसार, हकीम मोहम्मद अल्ताफ जम्मू-कश्मीर से दिल्ली तक नशीली दवाओं की सप्लाई और ट्रांसपोर्ट में अहम भूमिका निभाता था। उसने इस काम के लिए लाजपत नगर में एक फ्लैट किराए पर लिया था। सह-आरोपी आबिद भी श्रीनगर का ही रहने वाला है। उसे भी उसी फ्लैट से गिरफ्तार किया गया था, जहां से 12 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। स्पेशल सेल की टीम मामले की आगे की जांच कर नशा तस्करी के इस पूरे गिरोह से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है।