Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दूध चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दिल्ली में 300 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली; फिर हत्थे चढ़े 2 बदमाश

    Updated: Mon, 06 Apr 2026 11:48 AM (IST)

    बाहरी जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने दूध के क्रेट चोरी करने वाले दो बदमाशों, मोहित और आयुष्मान पांडे को गिरफ्तार किया है। ये दूध सप्लाई वाहनों का पीछा कर ...और पढ़ें

    HighLights

    1. दूध के क्रेट चोरी करने वाले दो बदमाश गिरफ्तार।

    2. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो से मिली मदद।

    3. आरोपी मोहित पर 38 आपराधिक मामले दर्ज।

    जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। दिल्ली में बाहरी जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने दूध सप्लाई करने वाले वाहनों का पीछा कर दूध के क्रेट चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित और आयुष्मान पांडे उर्फ पंडित के रूप में हुई है। इन दोनों का दूध चोरी करते हुए इंटरनेट मीडिया पर वीडियो तेजी से प्रसारित हुआ था, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की।

    सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

    जिला पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि 26 मार्च को इंटरनेट मीडिया पर दूध और दही चोरी से जुड़ा एक वीडियो प्रसारित हुआ था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए बाहरी जिला नारकोटिक्स सेल को आरोपितों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

    एसीपी आपरेशन वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिरों को सक्रिय किया।

    दूध की 14 खाली क्रेट बरामद की

    तीन अप्रैल को सूचना मिली कि दोनों आरोपित शिव विहार स्थित चर्च के पास अपने साथी से मिलने आने वाले हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तिपहिया वाहन से पहुंचे दोनों युवकों को दबोच लिया। उनके कब्जे से तिपहिया वाहन और उसमें रखी दूध की 14 खाली क्रेट बरामद की गईं।

    वहीं, जांच में सामने आया कि तिपहिया वाहन प्रेम नगर से चोरी किया गया था। पूछताछ में आरोपितों ने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले उन्होंने उत्तम नगर इलाके से दूध और दही चोरी किया था।

    इस संबंध में 27 मार्च को उत्तम नगर में चोरी का मामला दर्ज है। आरोपितों ने चोरी का सामान डाबरी और बिंदापुर स्थित दूध सप्लाई केंद्रों पर बेचने की बात भी कबूली।

    38 आपराधिक मामले दर्ज

    पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोहित पर पहले से 38 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फरवरी में जेल से रिहा हुआ था। रिहाई के बाद उसने अपने साथी के साथ मिलकर दोबारा चोरी की वारदातें शुरू कर दीं।

    खबरें और भी

    उधर, आरोपितों की निशानदेही पर एक स्कूटी और एक बाइक भी बरामद की गई, जिन्हें तिलक नगर और रणहौला से चोरी किया गया था। पुलिस ने दावा किया है कि इनकी गिरफ्तारी से पांच अन्य मामले में भी सुलझाए गए हैं।