हौज खास मेट्रो ट्रैक पर कूदकर खुदकुशी करना चाह रही थी किशोरी, महिला सिपाही ने बचाई जान
दिल्ली पुलिस की महिला सिपाही निकिता ने हौज खास मेट्रो स्टेशन पर एक 16 वर्षीय किशोरी को मेट्रो ट्रैक पर ...और पढ़ें

हौज खास स्टेशन पर खुदकुशी करने पहुंची किशोरी को महिला पुलिस ने बचाया। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
महिला सिपाही निकिता ने किशोरी को ट्रैक पर कूदने से रोका।
किशोरी मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं के कारण आत्महत्या का प्रयास कर रही थी।
सिपाही ने सूझबूझ से किशोरी को बचाकर पिता को सौंपा।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की महिला सिपाही निकिता की मुस्तैदी और साहस के चलते हौज खास मेट्रो स्टेशन पर एक हादसा होते होते टल गया। गश्त के दौरान सिपाही ने पास खड़ी एक 16 वर्षीय किशोरी को मेट्रो ट्रैक पर कूदकर जान देने की कोशिश करते हुए देख लिया। परेशान हालत में देखकर माजरा भांपकर उसने तुरंत किशोरी को दबोचकर पीछे की तरफ खींच लिया।
डीसीपी डा. आनंद डाभी के मुताबिक 22 अगस्त को हौज खास मेट्रो स्टेशन पर तैनात सिपाही निकिता अपनी नियमित गश्त पर थीं। इसी दौरान उसने देखा कि एक किशोरी मेट्रो ट्रैक की ओर बढ़ रही है और नीचे कूदने का प्रयास कर रही है। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए उसने बिना एक पल गंवाए त्वरित कार्रवाई की और बहादुरी से किशोरी को पकड़कर पीछे खींच लिया।
मामले की जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई
लड़की के बार-बार ट्रैक की तरफ जाने के प्रयासों के बावजूद निकिता ने साहस का परिचय देते हुए उसे पकड़ लिया और तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दे दी, जिसके बाद उसे थाने ले जाया गया। मामले की जांच एएसआई राजकुमार को सौंपी गई। बाद में मेट्रो स्टाफ की मदद से किशोरी को येलो लाइन स्टेशन कंट्रोल रूम में ले जाया गया।
शुरुआत में किशोरी काफी डरी हुई थी और अपने बारे में कोई जानकारी देने से कतराती रही। निकिता ने बेहद संवेदनशीलता और धैर्य का परिचय देते हुए उसे समझाया-बुझाया और बातों ही बातों में उसके परिजन का पता हासिल कर लिया। इसके बाद किशोरी के पिता से टेलीफोन पर संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई।
किशोरी मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या का करवा रही इलाज
पिता के कंट्रोल रूम पहुंचने पर पता चला कि किशोरी आरके पुरम सेक्टर-पांच में रहती है। पूछताछ में सामने आया कि किशोरी लगभग एक साल से आरएमएल अस्पताल से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्या का इलाज करा रही है और इससे पहले भी खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुकी है। आवश्यक प्रक्रिया और पूछताछ पूरी करने के बाद किशोरी को सुरक्षित उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
