'नहीं निकलने देंगे दीपके की तिरंगा यात्रा', दिल्ली पुलिस ने कहा- अनुमति मांगते तो भी नहीं मिलती
दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए कनाॅट प्लेस के सेंट्रल पार्क में काॅकरोच जनता पार्टी (CJP) ...और पढ़ें

अभिजीत दीपके ने 16 अक्टूबर को तिरंगा यात्रा का एलान किया है। फोटो: एक्स (अभिजीत दीपके)
HighLights
दिल्ली पुलिस ने सीजेपी की तिरंगा यात्रा को अनुमति नहीं दी
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया
पुलिस ने सीजेपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को शुक्रवार को तिरंगा यात्रा निकालने की अनुमति दिल्ली पुलिस नहीं देगी।
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके की प्रस्तावित तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस फिर से पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था के मद्देनजर CJP के पिछले कंडक्ट को देखते हुए किसी भी स्थिति में तिरंगा यात्रा निकालने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
2 साथियों के जेल जाते ही किया एलान
मंगलवार सुबह बेल बॉन्ड की शर्त तोड़ने पर बुधवार को आशुतोष रांका व सौरव दास को तिहाड़ जेल भेज दिया था। दोनों को जेल भेजे जाने की जानकारी मिलते ही अभिजीत दीपके बुधवार दोपहर महाराष्ट्र से दिल्ली आ गए थे।
दिल्ली आने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया के जरिये अपने दोनों साथियों की गिरफ्तारी के विरोध में तिरंगा यात्रा निकालने का एलान कर दिया।
'अनुमति मांगते तो भी नहीं दी जाती'
डीसीपी नई दिल्ली सचिन शर्मा का कहना है कि CJP की ओर से इस यात्रा के आयोजन के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन से कोई अनुमति नहीं मांगी गई।
वहीं, पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी का यह भी कहना है कि यदि संगठन की ओर से अनुमति का आवेदन दिया भी जाता, तो भी मौजूदा संवेदनशील हालात को देखते हुए प्रशासन इस तरह के आयोजन की इजाजत बिल्कुल नहीं दी जाती।
पुलिस मुख्यालय में हुई हाई लेवल मीटिंग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय में बृहस्पतिवार को पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई। जिसमें खुफिया इनपुट्स और संभावित कानून-व्यवस्था की चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।
इस बैठक के बाद नई दिल्ली जिले और खासकर कनॉट प्लेस के आसपास के इलाकों में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती के साथ-साथ पैनी नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या अनहोनी से पूरी सख्ती के साथ निपटा जा सके। पूरे नई दिल्ली जिले को फिर से किले में तब्दील कर दिया गया है।
CJP और दीपके पर होगा एक्शन: दिल्ली पुलिस
कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में शुक्रवार को प्रस्तावित CJP के प्रदर्शन के खिलाफ एक स्ट्रीट वेंडर की याचिका पर दिल्ली पुलिस ने CJP और अभिजीत दीपके के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
याचिकाकर्ता अनिल कुमार गुप्ता की तरफ से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सचिन पुरी ने कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नितिन वासुदेव साम्ब्रे की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष कहा कि CJP ने प्रदर्शन का आह्वान किया है, जबकि इसकी कोई अनुमति नहीं ली गई और पुलिस ने अभिजीत दीपके के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया है।
इस पर पीठ के पूछने पर दिल्ली पुलिस की ओर से पेश हुए एडिशनल सॉलिसिटर जनरल चेतन शर्मा ने अदालत को बताया कि CJP और दीपके के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह की गतिविधि पर नियंत्रण करने के लिए पहले ही कदम उठाए जा चुके हैं। उक्त तथ्यों को देखते हुए अदालत ने मामले की सुनवाई तीन नवंबर तक के लिए स्थगित कर दी।
व्यापारियों ने त्योहारी सीजन में नुकसान की आशंका जताई
स्ट्रीट वेंडर अनिल कुमार ने याचिका दायर कर कहा कि अगर इसे नहीं रोका गया तो व्यापारी पूरी तरह बर्बाद हो जाएंगे और इस प्रदर्शन को रोका ही जाना चाहिए।
याचिकाकर्ता व्यापारियों का कहना है कि कनॉट प्लेस दिल्ली का प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है और त्योहारी सीजन में इस तरह के प्रदर्शन से व्यापार बुरी तरह प्रभावित होगा। ग्राहकों की आवाजाही बंद हो जाएगी और कानून-व्यवस्था की समस्या भी पैदा हो सकती है।
