वांटेड अपराधी काना दिल्ली पुलिस से मुठभेड़ में गिरफ्तार, चल रहा है हत्या का केस
उत्तर पश्चिम दिल्ली में प्रेमबाड़ी पुल के पास पुलिस मुठभेड़ के बाद हत्या के मामले में वांछित बदमाश सूरज उर्फ काना गिरफ्तार कर लिया गया। ...और पढ़ें

एनकाउंटर के बाद जांच करती पुलिस टीम।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। प्रेमबाड़ी पुल के पास पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुठभेड़ के बाद एक बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश ने पुलिस पर गोली चलाई, पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पांव में गोली लगी।
बदमाश की ओर से चलाई गई गोली पुलिस के जवान की बुलेट प्रूफ जैकेट को छूते हुए निकली। बदमाश हत्या के मामले में वांछित था।
काना हुआ मुठभेड़ में घायल
पुलिस अधिकारी ने बताया कि बदमाश की पहचान सूरज उर्फ काना के रूप में हुई है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रेमबाड़ी पुल के पास घेराबंदी की, स्कूटी से बदमाश वहां पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की।
बदमाश ने पुलिस पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने आरोपित से एक अवैध हथियार भी बरामद किया है। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।