डिजिटल पुलिसिंग में दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच को बड़ी उपलब्धि, आईएसओ सर्टिफिकेशन प्राप्त
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच के स्टेट क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (एससीआरबी) को डिजिटल क्राइम रिकॉर्ड्स के बेहतर प्रबंधन और नागरिकों को ऑनलाइन सेवाएं प्र ...और पढ़ें

दिल्ली पुलिस काे टेक्नोलाजी आधारित पुलिसिंग में बड़ा सम्मान मिला।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस काे टेक्नोलाजी आधारित पुलिसिंग में बड़ा सम्मान मिला है। दिल्ली पुलिस, क्राइम ब्रांच के स्टेट क्राइम रिकार्ड्स ब्यूरो (एससीआरबी) को डिजिटल क्राइम रिकार्ड्स के बेहतर मैनेजमेंट और नागरिकों को दी जा रही आनलाइन सेवाओं के लिए आइएसओ मैनेजमेंट सिस्टम (क्यूएमएस) सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया है।
यह सर्टिफिकेशन भारत सरकार के ब्यूरो आफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (बीआइएस) ने दिया है, जो किसी संस्था की कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और गुणवत्ता मानकों की पुष्टि करता है।
विशेष आयुक्त, क्राइम ब्रांच, देवेश चंद्र श्रीवास्तव का कहना है यह सर्टिफिकेशन एससीआरबी की उस प्रणाली को मान्यता देता है, जिसके जरिए डिजिटल क्राइम डाटा को व्यवस्थित तरीके से संभाला जा रहा है और नागरिकों को आनलाइन पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत ई-एफआइआर (वाहन चोरी व अन्य चोरी), ई-एनसीआर, जीरो साइबर एफआइआर और गायब हो जाने से संबंधी सामानों के आनलाइन रजिस्ट्रेशन और प्रोसेसिंग की जा रही है।
इन सभी सेवाओं को सीसीटीएनएस (क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग नेटवर्क एंड सिस्टम) प्लेटफार्म के साथ जोड़ा गया है। इससे डाटा का बेहतर इंटीग्रेशन, निगरानी और रिकार्ड्स का सुचारू रूप से प्रबंधन सुनिश्चित हो रहा है। यह उपलब्धि क्राइम ब्रांच की एससीआरबी टीम के लगातार प्रयासों और टेक्नोलाजी आधारित कामकाज का नतीजा है।
टीम ने डिजिटल रिकार्ड्स की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित मानिटरिंग की, जिलों और पुलिस थानों के साथ रियल टाइम कोआर्डिनेशन स्थापित किया और तकनीकी व प्रक्रियागत चुनौतियों का समय रहते समाधान किया। इसके अलावा पुलिस कर्मियों के लिए समय-समय पर गाइडेंस और क्षमता बढ़ाने से जुड़े कार्यक्रम भी चलाए गए, ताकि डिजिटल सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकें।
खबरें और भी
इससे पहले क्राइम ब्रांच की मानव तस्करी यूनिट और फिंगरप्रिंट ब्यूरो को भी आइएसओ-क्यूएमएस सर्टिफिकेशन मिल चुका है। मानव तस्करी दस्ता को जनवरी 2025 और फिंगरप्रिंट ब्यूरो को जुलाई 2025 में यह सर्टिफिकेशन प्रदान किया गया था।
पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने क्राइम ब्रांच की एससीआरबी टीम को उनके लगातार शानदार काम के लिए बधाई दी, जिसका नेतृत्व डीसीपी आदित्य गौतम और एसीपी निशा दीक्षित कर रही हैं।
उन्होंने सभी स्तर के अधिकारियों के प्रोफेशनलिज्म, डेडिकेशन और टीमवर्क की तारीफ़ की और उन्हें टेक्नोलाजी से चलने वाली पुलिसिंग और नागरिकों पर केंद्रित सर्विस डिलीवरी को और मज़बूत करने के लिए प्रोत्साहित किया।