बेटे संग भारत से भागी रूसी महिला के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी, दिल्ली पुलिस ने शुरू की प्रत्यर्पण की तैयारी
दिल्ली पुलिस ने नाबालिग बेटे के साथ रूस भागी विक्टोरिया बसु के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बेटे को लेकर रूस भागी मां
HighLights
रूसी महिला विक्टोरिया बसु के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी
दिल्ली पुलिस ने प्रत्यर्पण की प्रक्रिया अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शुरू की
नाबालिग बेटे की साझा अभिरक्षा मामले में कार्रवाई तेज
जागरण संवाददाता, दक्षिणी दिल्ली। नाबालिग बेटे की साझा अभिरक्षा से जुड़े मामले में दिल्ली पुलिस ने साकेत कोर्ट में दाखिल स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की है। रिपोर्ट में बताया है कि बेटे को लेकर रूस गई विक्टोरिया बसु के खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया है।
पुलिस ने महिला को भारत वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। मामले में पुलिस की कार्रवाई अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गई है।
प्रत्यर्पण का अनुरोध गृह मंत्रालय को भेजा
डिफेंस कॉलोनी थाने की पुलिस की ओर से न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दाखिल रिपोर्ट के अनुसार, प्रत्यर्पण का अनुरोध गृह मंत्रालय को भेजा गया है। इसे विदेश मंत्रालय और मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास के माध्यम से आगे बढ़ाया जाएगा।
वहीं, मामले के सह-आरोपित नताशा के संबंध में जानकारी जुटाने के लिए पुलिस ने यशराज फिल्म्स से भी संपर्क किया है। जांच अधिकारी ने शिकायतकर्ता की ओर से दिए गए दस्तावेजों की जांच लंबित होने का हवाला देते हुए अंतिम रिपोर्ट दाखिल करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला सैकत बसु और विक्टोरिया के बीच उनके बेटे की कस्टडी को लेकर चल रहे विवाद से जुड़ा है। बेटे का जन्म 29 अक्टूबर 2020 को हुआ था। विक्टोरिया ने 2023 में सुप्रीम कोर्ट में बेटे की पूरी कस्टडी की मांग की थी। मई 2025 में सुप्रीम कोर्ट ने साझा अभिरक्षा की व्यवस्था की थी।
इसके बाद जुलाई 2025 में सैकत ने पुलिस को महिला के बेटे के साथ लापता होने की सूचना दी थी। अब साकेत कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट में पुलिस ने अपनी ताजा कार्रवाई का ब्योरा दिया है।
