गजब! दिल्ली पुलिस के सब-इंस्पेक्टर ने खुद ही मांगा अपना डिमोशन, वजह सुनकर DCP ने बना दिया कांस्टेबल
उत्तर-पूर्वी दिल्ली के करावल नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर मनीष ने स्वेच्छा से अपना पद घटाकर कांस्टेबल बनने का अनुरोध किया, जिसे डीसीपी ने स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बढ़ती जिम्मेदारियों से असहज महसूस करते हुए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए यह कदम उठाया।

करावल नगर थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर ने खुद चुना डिमोशन। (AI Generated Image)
HighLights
सब-इंस्पेक्टर मनीष ने स्वेच्छा से पद घटाने का अनुरोध किया।
डीसीपी ने अनुरोध स्वीकार कर उन्हें कांस्टेबल बनाया।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए लिया यह फैसला।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी जिले के करावल नगर थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर की मांग पर उनका डिमोशन कर दिया गया है। सब-इंस्पेक्टर मनीष ने स्वेच्छा से अपना पद घटाने का अनुरोध किया और अब डीसीपी ने उनका अनुरोध मानते हुए उन्हें दोबारा कांस्टेबल बना दिया गया है।
मनीष ने वरिष्ठ अधिकारियों को एक आवेदन देकर लिखा था कि वह सब-इंस्पेक्टर के पद पर काम नहीं करना चाहते और उन्हें वापस कांस्टेबल बना दिया जाए। इस अनोखे अनुरोध के बाद उनकी जांच की गई। निर्णय लेने से पहले यह भी जांच की गई कि उनके खिलाफ कोई विभागीय, आपराधिक या विजिलेंस मामला लंबित न हो। इसके बाद उपायुक्त ने उन्हें कांस्टेबल बना दिया है।
कांस्टेबल के रूप में की थी शुरूआत
बताया जा रहा है कि मनीष ने अपने करियर की शुरुआत कांस्टेबल के रूप में की थी और बाद में विभागीय परीक्षा पास कर सब-इंस्पेक्टर बने थे। लेकिन प्रमोशन के बाद बढ़ती जिम्मेदारियों और व्यस्तता के कारण वह असहज महसूस कर रहे थे।
विभागीय साथियों की मानें तो मनीष पढ़ाई में काफी रुचि रखते हैं और किसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहते हैं। सब-इंस्पेक्टर के पद पर समय की कमी के चलते पढ़ाई संभव नहीं हो पा रही थी, जबकि कांस्टेबल के रूप में उन्हें तैयारी के लिए बेहतर समय मिल सकता है।
मामले में मनीष से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने बात करने से इन्कार कर दिया।
यह भी पढ़ें- नीतीश के मंत्रियों के बदल गए विभाग: सम्राट की नई टीम में किसी को प्रमोशन, तो किसी की बदली जिम्मेदारी

