कराला में प्रापर्टी डीलर की हत्या, टिल्लू गिरोह ने ली जिम्मेदारी; गैंगवार की आशंका
कराला गांव में देर रात 37 वर्षीय प्रापर्टी डीलर हरीश माथुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। टिल्लू ताजपुरिया ...और पढ़ें

कराला गांव में देर रात 37 वर्षीय प्रापर्टी डीलर हरीश माथुर की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। रोहिणी जिले के कंझावला थाना क्षेत्र के कराला गांव में बृहस्पतिवार देर रात 37 वर्षीय प्रापर्टी डीलर हरीश माथुर की घर के समीप गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब हरीश रात करीब 11 बजे अपने कार्यालय से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था।
घर से कुछ ही दूरी पर पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हरीश को चार गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हत्या के कुछ समय बाद इंटरनेट मीडिया पर टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़े बताए जा रहे बदमाशों की ओर से एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें लिखा गया कि जो भी गोगी गिरोह का किसी भी तरीके से साथ देगा, उसका यही हाल होगा।
इस पोस्ट के बाद हत्या को गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि पुलिस ने अभी इस पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
पुलिस उपायुक्त शशांक जायसवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही कंझावला थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कर ली है। मामले की जांच के दौरान पुलिस कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है।
जांच कारवाई में पता चला कि हरीश माथुर का घर और कार्यालय एक ही गली में स्थित हैं। वह कार्यालय बंद कर घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। शुरुआती जांच में पुलिस गैंगवार के एंगल से मामले की पड़ताल कर रही है लेकिन रंजिश की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। जांच में पता चला कि मृतक आपराधिक प्रवृति का था और उस पर हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट समेत कुल तीन मामले दर्ज थे और हाल में ही जमानत पर बाहर आया था।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल
कराला गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। यहां के स्थानीय निवासी डरे हुए है, लोगों का कहना है कि कहीं इस घटना के बाद इलाके में गैंगवार न शुरू हो जाए। इंटरनेट मीडिया पर टिल्लू गिरोह द्वारा जिम्मेदारी लेने के बाद यहां रहने वाले लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे है। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी है। इस वजह से गांव वासी भयभीत है। उनलोगों ने पुलिस प्रशासन से गश्त बढ़ाने के अलावा सुरक्षा की गुहार लगाई है।
सुपारी देकर कराई गई हत्या
हरीश की हत्या करने से पहले बदमाशों ने रेकी की थी। बदमाशों को पता था कि हरीश देर रात ही घर वापस आता है। कार्यालय में उसके साथ कई और लोग मौजूद होते है, इस वजह से वहां हमला करना बदमाशों ने ठीक नहीं समझा। पुलिस को आशंका है प्रापर्टी डीलर की सुपारी देकर हत्या की गई।
