विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में बारिश ने बिगाड़ी BRICS Summit की तैयारियां! लुटियंस से लेकर यमुनापार तक जलभराव; एजेंसियां परेशान

Published: Sat, 05 Sep 2026 08:10 AM (IST)

दिल्ली में हाल ही में हुई बारिश ने ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों की पोल खोल दी है, जिससे लुटियंस दिल्ली से लेकर यमुनापार तक व्यापक जलभराव हुआ।

आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मीनल 3 में हुए जलभराव में जाते यात्री। जागरण

आईजीआई एयरपोर्ट के टर्मीनल 3 में हुए जलभराव में जाते यात्री। जागरण

HighLights

  1. बारिश ने दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियों की पोल खोली।

  2. लुटियंस दिल्ली से यमुनापार तक व्यापक जलभराव से जनजीवन प्रभावित।

  3. एजेंसियां विदेशी मेहमानों के सामने किरकिरी होने से चिंतित।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जलभराव से ले कर तमाम उन आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों का दावा एजेंसियां कर रही हैं, लेकिन शुक्रवार को हुई वर्षा ने तैयारियों की पोल खोल दी और एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

वाहनों की धीमी हो रही रफ्तार

जलभराव के बाद खासतौर पर लुटियंस दिल्ली में एनडीएमसी के कर्मचारी त्वरित सक्रिय हुए और वर्षा धीमी होने के बाद पानी को निकाल दिया जबकि वर्षा के दौरान इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से लेकर लुटियंस दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि, जन्माष्टमी की छुट्टी होने के चलते सड़कों पर यातायात कम था, इसलिए जाम तो नहीं लगा, लेकिन वाहनों की रफ्तार धीमी होने की वजह से लोगों को परेशानी जरूर हुई।

अलग-अलग इलाकों में जलभराव

बाबा खड़ग सिंह मार्ग से लेकर कनाॅट प्लेस में जहां एनडीएमसी के चेयरमैन ने 25 अगस्त को जलभराव पर माफी मांगी थी, वहां फिर जलभराव हुआ। पानी सड़कों पर इतना जमा हो गया कि दुकानों में भी पानी घुसने लगा। इसके अतिरिक्त दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में जलभराव देखने को मिला।

विदेशियों के सामने न हो जाए किरकिरी

एजेंसियां इस बात को लेकर चिंतित हैं कि तैयारियों के बावजूद जलभराव हुआ है तो ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान कहीं यही स्थिति विदेशी मेहमानों के सामने हो गई तो बहुत किरकिरी होगी। वर्षा में जल निकासी की सही व्यवस्था न होने के कारण मध्य दिल्ली की बात करें तो कनाॅट प्लेस के साथ ही पंत मार्ग पर जलजमाव हुआ। इसके साथ ही आईटीओ और सदर बाजार, चांदनी चौक के अलग-अलग इलाकों में जलभराव हुआ।

नाले की गाद बनी है बड़ी समस्या

बाहरी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली। सड़कों से लेकर रिहायशी क्षेत्रों में पानी भर गया। किराड़ी के मुबारकपुर रोड, 70 फुट रोड सहित कई सड़कों पर पानी भर गया।

प्रेम नगर-2, निठारी व अगर नगर में जल निकासी ठप होने के कारण नाले ओवरफ्लो हो गए और पानी सड़क पर इकट्ठा हो गया। नाले की गाद भी सड़क पर बहती दिखाई दी। ऐसे में लोग नाले की गाद को पानी से साफ करते दिखे।

इसके अलावा जहांगीरपुरी, मंगोलपुरी, शाहबाद डेयरी, कराला, रानीखेड़ा, मदनपुर डबास व मुंडका में भी जलभराव के कारण यातायात प्रभावित रहा और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

यमुनापार में भी जलभराव से यातायात प्रभावित

वर्षा के बाद यमुनापार में कई इलाकों में जलभराव की स्थिति देखने को मिली। विकास मार्ग, शकरपुर स्कूल ब्लाॅक, पांडव नगर अंडरपास, एनएच-9 और गणेश नगर-पटपड़गंज मार्ग पर जलभराव रहा।

गीता काॅलोनी और शकरपुर के रिहायशी इलाकों में भी वर्षा के बाद जलभराव से लोगों को परेशानी हुई। मुख्य मार्गों पर जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई और सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

फुटपाथ तक जलभराव से डूबे होने के कारण पैदल यात्री सड़क पर चलते नजर आए। जलभराव के चलते यमुनापार में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और वाहन चालकों के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

वसंतकुंज में गिरी दीवार, कई वाहन क्षतिग्रस्त

दक्षिणी दिल्ली में भी वर्षा होने पर जलभराव के हाटस्पाट माने जाने वाले संगम विहार, देवली, खानपुर, सैनिक फार्म, बदरपुर, मीठापुर चौक, गढ़ी गांव आदि में जलभराव की स्थिति पूर्व की तरह बन गई। वहीं वसंत कुंज के निवासियों की परेशानी भी बढ़ी।

वसंत कुंज के ई-7 व ई-9 ब्लाॅक में जहां डीडीए की दीवार और इलेक्ट्रिक पैनल गिर पड़ा। दीवार के मलबे के नीचे कई कारें आकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं वसंत कुंज के ही ए-1 व ए-2 ब्लाॅक के बीच बड़ा पेड़ गिरने से भी एक कार दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।

अवकाश के दिन भी वाहन रेंगते दिखे

इसके अलावा एफ ब्लाॅक की सोसायटियों के बेसमेंट में पानी भरने से पार्किंग में खड़ी कारें जलमग्न हो गईं। तेज वर्षा के चलते कई इलाकों में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। एमबी रोड पर वाहनों की लंबी कतार लगी रही, तो वहीं मोदी मिल के पास आउटर रिंग रोड, मां आनंदमयी मार्ग, पुल प्रहलादपुर, क्राउन प्लाजा चौक आदि में अवकाश के दिन भी वाहन रेंगते नजर आए।