दिल्ली में सनसनीखेज वारदात, पहले रूम पार्टनर को उतारा मौत के घाट, फिर 12 घंटे तक शव के साथ सोता रहा युवक
पश्चिमी दिल्ली के नजफगढ़ में मामूली विवाद में एक रूम पार्टनर ने दूसरे की हत्या कर दी। आरोपी ने वारदात ...और पढ़ें

नजफगढ़ में रूम पार्टनर की हत्या कर 12 घंटे तक शव के साथ सोया हत्यारा। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
नजफगढ़ में रूम पार्टनर ने की दोस्त की हत्या।
आरोपी 12 घंटे तक शव के साथ कमरे में सोया।
पुराने पैसों के विवाद में हुई खूनी वारदात।
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। नजफगढ़ थाना क्षेत्र में पांच महीने से साथ रह रहे दो रूम पर्टनर के बीच मामूली बात पर हुआ विवाद खूनी वारदात में बदल गया। एक ने दूसरे पर मुक्कों से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित करीब 12 घंटे तक उसी कमरे में रूम पर्टनर के शव के साथ सोता रहा।
सुबह उठने पर उसे पता चला कि पिटाई से घायल हुए दोस्त की मौत हो चुकी है। उसी समय मौके पर पहुंचे मृतक के भतीजा वहां पहुंचा तो उसे इस घटना की जानकारी मिली। इसके बाद उसने ही पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी। मृतक की पहचान 46 वर्षीय दादन के रूप में हुई है।
वह उत्तर प्रदेश के अमेठी के रहने वाले थे और अजय पार्क के नया बाजार इलाके में किराये पर रहकर एक वेयरहाउस में स्क्रैप का काम करते थे। वहीं आरोपित की पहचान रंजीत राम के रूप में हुई है।
पुलिस ने रंजीत राम को किया गिरफ्तार
उपायुक्त द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया कि मामले में हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपित रंजीत राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपित उत्तर प्रदेश के बलरामपुर का रहने वाला है। वारदात शनिवार और रविवार की दरमियानी रात की है। रविवार दोपहर पुलिस को पीसीआर कॉल मिली।
कॉल करने वाले रमेश ने बताया कि उसके चाचा की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कमरे में दादन का शव पड़ा मिला। जांच में पता चला कि दादन और रंजीत राम पिछले करीब पांच महीने से दोस्त थे और एक ही कमरे में साथ रह रहे थे।
शनिवार रात दोनों दोस्तों ने कमरे में साथ पार्टी की
जांच में सामने आया कि शनिवार रात दोनों दोस्तों ने कमरे में साथ पार्टी की। दोनों ने खाना खाया और जम कर शराब पी। इसी दौरान पुराने रुपयो के विवाद को लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। आरोपित ने गुस्से में दादन के चेहरे और सिर पर मुक्के बरसाने शुरू कर दिये।
सिर और गले पर गंभीर चोट लगने के बाद दादन जमीन पर गिर गए। उनके सिर से खून निकलने लगा और वह बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपित नशे में इस कदर धुत था कि वह उसी कमरे में सो गया। करीब 12 घंटे बाद जब उसकी नींद खुली तो उसने दादन को मृत पाया।
इस बीच मृतक के भतीजे रमेश के मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर क्राइम टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए जाफरपुर कलां स्थित राव तुलाराम अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह और चोटों की प्रकृति स्पष्ट होगी।
