पूर्वी दिल्ली में ड्रग्स तस्करी करने वाले एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र समेत 3 गिरफ्तार, कॉलेजों में बेचते थे नशा
पूर्वी दिल्ली में दो छात्रों और उनके एक साथी को ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से 6.2 ग्राम एमडीएमए और एक कार बरामद ...और पढ़ें

ड्रग्स तस्करी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार। फोटो: दिल्ली पुलिस
HighLights
पूर्वी दिल्ली में दो छात्र ड्रग्स तस्करी में पकड़े गए
एमिटी यूनिवर्सिटी का छात्र दिल्ली में करता था सप्लाई
पुलिस ने 6.2 ग्राम एमडीएमए और एक कार बरामद की
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने ड्रग्स की तस्करी करने वाले दो छात्रों को उनके एक साथी के साथ गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान कड़कड़डूमा गांव निवासी अभिषेक व प्रवीण और गणेश नगर निवासी लक्ष्य के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से 6.2 ग्राम एमडीएमए व तस्करी में इस्तेमाल की जाने वाली एक कार बरामद की है। पकड़ा गया लक्ष्य एमिटी यूनिवर्सिटी में बीसीए की पढ़ाई कर रहा है। दिल्ली में ड्रग्स की सप्लाई करता था। इनके संपर्क में दिल्ली के विभिन्न काॅलेज में पढ़ने वाले काफी विद्यार्थी थे। आरोपितों से पूछताछ कर पुलिस पता लगा रही है यह छात्र किससे ड्रग्स खरीदते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने बताया कि नशा मुक्त अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ लगातार ड्रग तस्करों पर नजर रखे हुए था। टीम के इंचार्ज जितेंद्र मलिक व एसआई अमन सिंह व अन्य अक्षरधाम मेट्रो स्टेशन से नोएडा जाने वाले मार्ग पर गश्त कर रहे थे।
कार से 6.2 ग्राम एमडीएमए पकड़ी
टीम ने अक्षरधाम सेतु फ्लाईओवर के नीचे एक संदिग्ध डिजायर कार को सड़क किनारे खड़ा देखा। पुलिस ने तत्काल वाहन को घेरकर जांच की। कार में तीन युवक बैठे मिले। कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड से एक संदिग्ध पैकेट बरामद हुआ, जिसमें करीब 6.2 ग्राम एमडीएमए पाया गया।
खबरें और भी
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि यह नशीला पदार्थ सप्लाई और वितरण के लिए रखा गया था। प्रवीण पेशे से चालक है, जबकि अभिषेक और लक्ष्य छात्र हैं। इनके खिलाफ पहले से कोई केस दर्ज नहीं है। पुलिस को पूछताछ में लक्ष्य ने बताया कि अपने खर्चों को पूरा करने के लिए वह ड्रग्स की तस्करी कर रहा था।
ड्रग्स खरीदने वालों का पता लगा रही पुलिस
अभिषेक ने दिल्ली के एक काॅलेज से बीए किया है। उसने अभिषेक को अपने साथ मिला लिया था। प्रवीण की कार से ड्रग्स की तस्करी करते थे। कई काॅलेज के विद्यार्थी उनसे संपर्क करके ड्रग्स खरीदते थे।
पुलिस का कहना है कि वह उन लोगों के बारे में पता लगा रही है जो इन विद्यार्थियों को ड्रग्स बेचते थे। कौन-कौन से कालेज व विश्वविद्यालय के छात्र इनके संपर्क में थे। इनके मोबाइल की जांच कर ड्रग्स खरीदने वालों का पता लगाया जा रहा है।