विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में 48 घंटे में स्वाइन फ्लू के 304 नए मामले, अब तक 2,612 केस दर्ज; ICMR ने दिया नया अपडेट

Updated: Thu, 27 Aug 2026 07:16 PM (IST)

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सर्दी से पहले स्वाइन फ्लू के मामलों में तेजी आई है, पिछले 48 घंटे में 304 ...और पढ़ें

राजधानी दिल्ली में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामले।

राजधानी दिल्ली में बढ़ रहे स्वाइन फ्लू के मामले।

HighLights

  1. दिल्ली में 48 घंटे में 304 नए स्वाइन फ्लू मामले।

  2. कुल स्वाइन फ्लू मामले 2612, इन्फ्लुएंजा-ए 3300 पार।

  3. ICMR: कोई नया स्ट्रेन नहीं, अधिकांश मामले हल्के।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में इस वर्ष सर्दी शुरू होने से पहले ही स्वाइन फ्लू ने तेज रफ्तार पकड़ ली है। पिछले 48 घंटे में स्वाइन फ्लू के दिल्ली में 304 नए मामले सामने आए हैं। इनमें पिछले 24 घंटे में मिले 166 मामले शामिल हैं। इससे दिल्ली में इस वर्ष स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की 2612 हो गई हैं। जबकि इन्फ्लुएंजा-ए के कुल मामलों की संख्या 3300 से अधिक हो गई हैं।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के अनुसार वर्तमान में प्रसारित वायरस कोई नया स्ट्रेन नहीं है और अधिकांश मामले हल्के हैं। इसलिए डरे या घबराए नहीं, सतर्क रहने की आवश्यकता है।

दिल्ली में संक्रमण की रफ्तार का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 20 अगस्त तक स्वाइन फ्लू के 1777 मामले थे, जो अब बढ़कर 2612 हो गए हैं। यानी सात दिन में 835 से अधिक मामले सामने आए। 20 अगस्त तक इन्फ्लुएंजा-ए के 2392 मामले थे, जिसमें एच1एन1 की संख्या 114 थी, अब यह 3300 से अधिक हो गए हैं।

सर्दी से पहले बढ़ा संक्रमण

आमतौर पर इन्फ्लुएंजा का संक्रमण नवंबर, दिसंबर और जनवरी में अधिक सक्रिय रहता है। इस बार अगस्त में ही मामलों में तेजी देखी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में नमी बढ़ने और भीड़भाड़ वाली बंद जगहों में लोगों का संपर्क बढ़ने से वायरस का प्रसार बढ़ा है। स्कूल जाने वाले बच्चों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में रहने वालों में संक्रमण का खतरा अधिक है।

अधिकांश मामले हल्के

आइसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल के अनुसार वर्तमान में फैल रहा स्वाइन फ्लू कोई नया स्ट्रेन नहीं है। देश में जांचे गए इन्फ्लुएंजा-ए के करीब 97 से 98 प्रतिशत मामलों में यही वायरस पाया जा रहा है। वायरस में समय के साथ छोटे आनुवंशिक बदलाव होते रहते हैं, लेकिन वर्तमान संक्रमण में ऐसा कोई असामान्य पैटर्न नहीं मिला है जिससे बड़े प्रकोप की आशंका हो।

फेफड़ों को प्रभावित कर सकता है संक्रमण

स्वाइन फ्लू कुछ मरीजों में फेफड़ों को प्रभावित कर गंभीर सांस संबंधी संक्रमण पैदा कर सकता है। बुखार, खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, सिरदर्द, अत्यधिक थकान और कमजोरी इसके सामान्य लक्षण हैं।

गंभीर बीमारी का खतरा घटाती फ्लू वैक्सीन

फ्लू वैक्सीन संक्रमण, गंभीर बीमारी, अस्पताल में भर्ती होने आदि के खतरे को कम कर सकती है। आइसीएमआर के अनुसार सभी लोगों के लिए फ्लू वैक्सीन की सिफारिश नहीं है। 65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग, कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले और गंभीर पुरानी बीमारियों से पीड़ित लोग डाक्टर की सलाह से वैक्सीन लगवाने पर विचार कर सकते हैं।

अस्पतालों को तैयार रखने के निर्देश

बढ़ते मामलों को देखते हुए दिल्ली के सभी अस्पतालों को सतर्क रहने और पर्याप्त तैयारी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आइसोलेशन बेड, डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, आक्सीजन, दवाएं और जांच सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा गया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और जरूरत पड़ने पर अस्पतालों की क्षमता बढ़ाई जाएगी।

यह भी पढ़ें- रोहिणी जेल में रिश्वत का बड़ा खेल, कैदियों से बैंक अकाउंट में वसूली करते थे अफसर; 4 की जमानत याचिका खारिज