Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में गलत दिशा में ड्राइविंग पर ट्रैफिक पुलिस का कड़ा शिकंजा, दो घंटे में काट दिए 2800 से अधिक चालान

    Updated: Mon, 18 May 2026 12:07 AM (IST)

    दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस दौरान 2,846 चालान काटे गए, जिनमें 757 गलत साइड ड्राइविंग के लिए ...और पढ़ें

    गलत दिशा में ड्राइविंग करने पर कटे हजारों चालान।

    गलत दिशा में ड्राइविंग करने पर कटे हजारों चालान।

    HighLights

    1. गलत दिशा में ड्राइविंग पर दिल्ली पुलिस का अभियान।

    2. दो घंटे में 2,846 चालान, 32 एफआईआर दर्ज।

    3. सड़क सुरक्षा हेतु नियमों का पालन करने की अपील।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों को सबक सिखाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को एक बड़ा अभियान चलाया। स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए इस विशेष ड्राइव के दौरान गलत दिशा में गाड़ी चलाने वालों पर शिकंजा कसा गया।

    यह सघन चेकिंग अभियान शनिवार शाम चार से छह बजे तक दिल्ली के कई संवेदनशील और व्यस्त इलाकों में इंटीग्रेटेड चेकिंग पिकेट (संयुक्त बैरिकेडिंग) लगाकर चलाया गया।

    गलत दिशा में गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई

    ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस विशेष ड्राइव का मुख्य मकसद, गलत दिशा में गाड़ी चलाने वाले ड्राइवरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना था। गलत साइड में ड्राइविंग न केवल सड़कों पर भारी जाम की वजह बनती है, बल्कि यह जानलेवा सड़क हादसों के सबसे बड़े कारणों में से एक है।

    चेकिंग के दौरान नियम तोड़ने वालों को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत मौके पर ही कार्रवाई की गई। इस दौरान जिन 32 ड्राइवरों के खिलाफ गलत दिशा में बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाने की धारा में एफआइआर दर्ज कराई गई।

    उल्लंघन के मामले में 2,846 वाहनों के चालान काटे गए

    गलत दिशा में ड्राइविंग के अलावा, पुलिस टीमों ने अन्य ट्रैफिक उल्लंघनों पर भी सख्त नजर रखी, जिनमें शराब पीकर गाड़ी चलाना, खतरनाक तरीके से ड्राइविंग करना, बाइक पर तीन सवारी, बिना हेलमेट गाड़ी चलाना, गाड़ियों में ब्लैक फिल्म (काले शीशे) का इस्तेमाल व गलत तरीके से पार्किंग करना शामिल है। यातायात नियमों के उक्त उल्लंघन के मामले में 2,846 वाहनों के चालान काटे गए जिनमें गलत दिशा में ड्राइविंग के 757 चालान शामिल हैं।

    खबरें और भी

    यह अभियान उन चुनिंदा इलाकों में चलाया गया, जहां ट्रैफिक पुलिस को लगातार गलत साइड ड्राइविंग की शिकायतें और इनपुट मिल रहे थे।

    यातायात पुलिस के संयुक्त आयुक्त संजय त्यागी का कहना है कि गलत दिशा में गाड़ी चलाना न सिर्फ उल्लंघन करने वाले की जान जोखिम में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य मासूम लोगों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है। इसलिए वाहन चालकों से बार-बार अपील की जाती है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और हमेशा सही लेन में ही गाड़ी चलाएं।

    दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से यह भी अपील की है कि वे जांच एजेंसियों का सहयोग करें और दिल्ली की सड़कों को सुरक्षित, सुगम और अनुशासित बनाने में अपना योगदान दें।

    यह भी पढ़ें- DC vs RR: दिल्ली ने राजस्थान का बिगाड़ा खेल, पराग की टीम के लिए प्लेऑफ की राह हुई कठिन