दिल्ली में शीतलहर से फिलहाल राहत, 4 दिन के लिए फिर बर्फीले स्तर तक गिरेगा तापमान; स्काइमेट वेदर का अलर्ट
दिल्ली में पांच दिनों की शीत लहर के बाद शुक्रवार को तापमान में मामूली सुधार देखा गया, जिससे धूप खिलने से ठंड से राहत मिली। हालांकि, शनिवार के लिए मध्य ...और पढ़ें

शुक्रवार को राजधानी के तापमान में मामूली सुधार देखा गया।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। लगातार पांच दिनों की शीत लहर के बाद शुक्रवार को राजधानी के तापमान में मामूली सुधार देखा गया। दिन में चटक धूप भी खिली, जिसने कंपकंपाती ठंड से राहत दी। हालांकि शनिवार को भी ठंड के तेवर तल्ख ही रहेंगे।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए मध्यम से घना कोहरा छाने तथा दिन में आंशिक रूप से बादल रहने का यलो अलर्ट भी जारी किया है। न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
शुक्रवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। अधिकतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.9 डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 100 से 39 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।
सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रहा। सफदरजंग में सुबह आठ बजे सबसे कम दृश्यता 150 मीटर दर्ज की गई, जो साढ़े आठ बजे तक सुधरकर 300 मीटर हो गई। आईजीआई एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े सात बजे दृश्यता घटकर 150 मीटर रह गई, जो आठ बजे बढ़कर 300 मीटर हो गई।
स्काइमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने कहा, 'आगे देखें तो शनिवार से मंगलवार के बीच न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ना शुरू हो जाएगा। अगले कुछ दिनों में हल्की शीतकालीन वर्षा होने की भी संभावना है।' उन्होंने आगे कहा कि 23 जनवरी से 26 जनवरी के बीच एक और शीत लहर का पूर्वानुमान है, जब तापमान फिर बर्फीले स्तर तक गिर सकता है।
शुक्रवार को दिल्ली के अलग अलग इलाकों का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
| इलाका | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|
| सफदरजंग | 22.5 | 4.3 |
| पालम | 19.0 | 4.7 |
| लोधी रोड | 21.6 | 4.7 |
| रिज | 21.0 | 6.0 |
| आयानगर | 22.5 | 4.3 |
| राजघाट | 21.4 | 7.6 |
| मयूर विहार | 19.3 | 7.2 |
यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माण में आई रुकावट हटी, दिल्ली HC ने NHAI को दी ठेका रद करने की मंजूरी