लाल किले पर तिरंगा फहराते वक्त कैसा रहेगा मौसम? IMD का आया ताजा अपडेट
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में हल्की वर्षा की संभावना है, खासकर सुबह के समय, हालांकि लाल किले पर ध्वजारोहण के दौरान थोड़ी राहत मिल सकती है।
-1786755906991_m.webp)
बारिश के बीच फहराया जा सकता है तिरंगा।
HighLights
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में हल्की वर्षा की संभावना।
लाल किले पर ध्वजारोहण के समय हल्की नमी महसूस होगी।
मौसम विभाग के अनुसार 20 अगस्त तक जारी रहेगी वर्षा।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शनिवार को भी दिल्ली में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और दिन भर हल्की वर्षा होने की संभावना है।
मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, शनिवार को दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे। अलग-अलग समय पर हल्की से बहुत हल्की वर्षा के कई दौर देखने को मिल सकते हैं।
सुबह 6 बजे तक हल्की वर्षा फिर...
मौसम विभाग के मुताबिक तड़के चार बजे से सुबह छह बजे के बीच 70 प्रतिशत संभावना है कि लगभग पांच मिमी तक हल्की वर्षा हो।
इसके बाद सुबह छह से नौ बजे के दौरान भी 60 प्रतिशत संभावना के साथ लगभग दो से तीन मिमी की हल्की रिमझिम बौछारें पड़ सकती हैं। लालकिला पर होने वाले मुख्य समारोह एवं ध्वजारोहण के समय वर्षा से थोड़ी राहत या हल्की नमी महसूस की जा सकती है।
दोपहर बाद भी हल्की बारिश
इसके बाद दोपहर से लेकर शाम के समय में भी 60 प्रतिशत संभावना के साथ लगभग तीन मिमी तक की बहुत हल्की वर्षा का एक और दौर आ सकता है।
स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले विभिन्न आयोजनों और देशभक्ति कार्यक्रमों के दौरान लोगों को सुहावने मौसम के साथ-साथ हल्की वर्षा का सामना करना पड़ सकता है।
आज भी जारी रही बारिश
दूसरी ओर शुक्रवार को वर्षा का दौर जारी रहा। विभिन्न इलाकों में हल्की और कहीं कहीं मध्यम स्तर की वर्षा रिकार्ड की गई। हालांकि उमस भरी गर्मी ने भी परेशान किया।
अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री कम 30.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हवा में नमी का स्तर 62 से 98 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। जहां तक वर्षा का सवाल है तो शाम साढ़े पांच बजे तक 5.8 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई।
20 अगस्त तक होगी वर्षा
इसके अलावा पालम में 8.4 मिमी, लोधी रोड पर 3.2 मिमी, रिज में 1.8 मिमी, आया नगर में 3.5 मिमी, राजघााट पर 0.8 मिमी, मयूर विहार में 8.0 मिमी और पूसा में 15.0 मिमी वर्षा दर्ज की गई।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर जाएं तो 20 अगस्त दिल्ली में वर्षा का दौर जारी रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री से ऊपर नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बारिश से सुहावना हुआ मौसम, IMD ने अगले दो दिन का दिया नया अपडेट
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, कई इलाकों में झमाझम बारिश; IMD ने दिया नया अपडेट

