दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया 'येलो अलर्ट'
भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है, जिसके लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। शनिवार को अधिकतम तापमान में वृद्ध ...और पढ़ें
-1774742627175_m.webp)
दिल्ली में अगले तीन दिनों के लिए येलो अलर्ट।
HighLights
अगले तीन दिनों तक तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान
बिजली कड़कने के साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। शनिवार को सुबह हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान में धूप खिल गई। इससे शुक्रवार की तुलना में अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को मौसम में एक बार फिर से बदलाव होने की संभावना जताई है। तेज हवा के साथ हल्की वर्षा होने का पूर्वानुमान है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
शनिवार को न्यूनतम तापमान में कुछ गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस था। शनिवार को यह कम होकर 18.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को मौसम बदलने के कारण इसमें गिरावट आने की उम्मीद है।
पूरे दिन आसमान में छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा चलेगी। बीच-बीच में बूंदाबांदी और हल्की वर्षा होगी। दिल्ली सहित पूरे एनसीआर में इसी तरह के मौसम रहने की संभावना है।
सोमवार और मंगलवार को भी बारिश के आसार
सोमवार और मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। दोपहर बाद बूंदाबांदी या हल्की वर्षा हो सकती है। बुधवार व बृहस्पतिवार यानी एक और दो अप्रैल को आसमान में बादल रहेंगे लेकिन वर्षा होने की उम्मीद नहीं है। दोनों दिन अधिकतम तापमान में कुछ वृद्धि हो सकती है, परंतु तीन अप्रैल को एक बार फिर से मौसम बदलने व हल्की वर्षा होने की संभावना है।
वहीं, दिल्ली की हवा 18 मार्च के बाद लगातार मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। इस बीच 20 मार्च को राजधानी की वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 93 यानी संतोषजनक रहा था। शनिवार को यह 154 यानी मध्यम श्रेणी में रहा। अगले कुछ दिनों तक हवा की गुणवत्ता में बहुत अधिक बदलाव आने की उम्मीद नहीं है।