Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    एम्बेसी की जाली नंबर प्लेट लगाकर हाई-सिक्योरिटी जोन में घूम रही महिला गिरफ्तार, गणतंत्र दिवस से पहले बड़ी गिरफ्तारी

    Updated: Fri, 23 Jan 2026 07:02 PM (IST)

    दिल्ली क्राइम ब्रांच ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस से बचने के लिए अपनी इनोवा कार पर विदेशी दूतावास की जाली नंबर प्लेट लगाकर हाई-सिक्योरिटी ...और पढ़ें

    पुलिस की गिरफ्त में आसिमा बेगम। सौजन्य:दिल्ली पुलिस

    पुलिस की गिरफ्त में आसिमा बेगम। सौजन्य:दिल्ली पुलिस

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। क्राइम ब्रांच की टीम ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस जांच से बचने के लिए अपनी इनोवा कार में विदेशी दूतावास की जाली नंबर प्लेट लगाकर अलग-अलग दूतावासों और हाई सिक्योरिटी इलाकों में घूम रही थी। उसकी कार से विदेशी दूतावास की दो और जाली नंबर प्लेट बरामद हुई हैं।

    आरोपित महिला असम की स्थायी निवासी है। उसका नाम आसिमा बेगम है। वह गुवाहाटी में रहती है। पूछताछ में उसने दावा किया कि उसने 2023-24 में एक साल के लिए विदेशी एम्बेसी में कंसल्टेंट के तौर पर काम किया था। पुलिस उसे कस्टडी में लेकर पूछताछ कर रही है कि कहीं वह दूसरे लोगों के साथ मिलकर आगामी गणतंत्र दिवस पर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल तो नहीं है।

    गाड़ी के ओनरशिप पेपर नहीं दिखा सकी

    उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, टीम को गुप्त जानकारी मिली थी कि एक महिला अक्सर नई दिल्ली में मौजूद अलग-अलग देशों की एम्बेसी में जाती है और किसी एम्बेसी की नकली नंबर प्लेट वाली कार का भी इस्तेमाल करती है। सूचना पर एसीपी पंकज अरोड़ा की देखरेख में और इंस्पेक्टर दलीप कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने बी ब्लाॅक, वसंत विहार में जाल बिछाया। दोपहर करीब 3.10 बजे जैसे ही महिला ने गाड़ी स्टार्ट की तो उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में वह गाड़ी के ओनरशिप दस्तावेज नहीं दिखा सकी।

    एम्बेसी की नंबर प्लेट हटाकर नकली बनवा ली

    शुरुआत में उसने खुद को एक विदेशी एम्बेसी का प्रतिनिधि बताया, लेकिन उस एम्बेसी का नाम नहीं बता पाई। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह गाड़ी पर एक विदेशी एम्बेसी की नकली नंबर प्लेट का इस्तेमाल कर रही थी। उसने यह भी बताया कि उसने नवंबर 2024 में एक विदेशी एम्बेसी से वह इनोवा कार खरीदी थी। एम्बेसी ने उसके खिलाफ चाणक्य पुरी थाने में गाड़ी उसके नाम पर रजिस्टर न करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इसलिए, उसने उस एम्बेसी की नंबर प्लेट हटा दीं और नकली नंबर प्लेट बनवा ली, ताकि वह अलग-अलग जगहों पर पुलिसकर्मियों की चेकिंग से बच सके, अलग-अलग एम्बेसी में आसानी से जा सके।

    खबरें और भी

    मोबाइल जब्त कर पूछताछ कर रही पुलिस

    पूछताछ में महिला ने दावा किया कि उसने 2023-24 में एक साल के लिए विदेशी एम्बेसी में कंसल्टेंट के तौर पर काम किया था और उसे हर महीने 1.5 लाख रुपये मिलते थे। इसके अलावा उसने बताया कि वह यूनिवर्सिटी आफ साइंस एंड टेक्नोलाजी मेघालय में स्पोर्ट्स गाइड के तौर पर काम करती थी, जिसके लिए उसे पैसे मिलते थे। गिरफ्तारी के बाद उसे छह दिनों की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। उसका मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है और आने वाले गणतंत्र दिवस में राष्ट्रीय सुरक्षा को देखते हुए पूछताछ की जा रही है।

    यह भी पढ़ें- शादी का झांसा देकर भतीजे ने दिल्ली ले जाकर की हैवानियत, फिर गांव छोड़ने के बहाने होटल में ले जाकर चाचा ने किया दुष्कर्म