Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पुश्ता रोड का जाम होगा खत्म और फर्राटे भरेंगे वाहन, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने दी बड़ी राहत

    Updated: Mon, 13 Apr 2026 08:59 PM (IST)

    दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने यमुनापार की तस्वीर बदल दी है। पुश्ता रोड पर लगने वाले घंटों के जाम से अब मुक्ति मिल गई है, जिससे लाखों लोगों का सफर आसा ...और पढ़ें

    दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने यमुनापार की तस्वीर बदल दी है। इमेज एआई

    दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने यमुनापार की तस्वीर बदल दी है। इमेज एआई

    सौरभ पांडेय, पूर्वी दिल्ली। जिस पुश्ता रोड पर कभी दिन-रात जाम का स्थायी डेरा रहता था, जहां कुछ किलोमीटर का सफर तय करने में घंटों लग जाते थे और पसीने छूट हाते थे, वहां अब एक्सप्रेसवे की तेज रफ्तार है। कभी लोगों ने सोचा भी नहीं था कि इस भीड़भाड़ और अव्यवस्था वाले रास्ते की जगह एक ऐसा आधुनिक मार्ग बनेगा, जो न सिर्फ समय बचाएगा बल्कि लाखों लोगों की जिंदगी को आसान बना देगा। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे ने यही कर दिखाया है। यह यमुनापार के पूर्वी व उत्तर-पूर्वी जिलो के लोगों के लिए सच्चे मायनों में लाइफलाइन बनकर उभरा है।

    इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने से सबसे बड़ा बदलाव रोजमर्रा के सफर में देखने को मिल रहा है। पहले सीलमपुर, वेलकम और वजीराबाद जैसे इलाकों में जाम से जूझते हुए लोगों का काफी समय और ऊर्जा बर्बाद होती थी। आफिस जाने वाले, व्यापार करने वाले और रोजाना आवाजाही करने वाले लोग जाम से परेशान रहते थे।

    अब एक्सप्रेसवे के जरिए लोग सीधे आइटीओ, सेंट्रल दिल्ली और अन्य प्रमुख इलाकों तक तेजी से पहुंच सकेंगे। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम होगा। देहरादून तक का जो सफर लगभग छह घंटे में पूरा होता था अब वह भी महज ढाई घंटे में पूरा हो पाएगा।

    पर्यटन से लेकर व्यापार तक को मिलेगी गति

    पूर्वी दिल्ली से बागपत, सोनीपत और आसपास के इलाकों तक पहुंचना भी पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान और तेज हो गया है। केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा कहते हैं कि यह एक्सप्रेसवे केवल एक सड़क नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास का नया माध्यम भी बन रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी के कारण व्यापार, रियल एस्टेट और छोटे कारोबार को भी गति मिलने की उम्मीद है। साथ ही, उत्तराखंड जाने वाले पर्यटकों के लिए भी सफर अब पहले की तुलना में काफी आरामदायक और तेज हो जाएगा।

    लोनी के यात्रियों को मिली बड़ी राहत

    लोनी और आसपास के इलाकों से रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले 20 हजार से अधिक लोगों के लिए यह एक्सप्रेसवे किसी वरदान से कम नहीं है। पहले इन लोगों को घंटों जाम में फंसकर सफर तय करना पड़ता था, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी।

    खबरें और भी

    अब एक्सप्रेसवे के शुरू होने से उनका सफर काफी सुगम और तेज हो गया है। नौकरीपेशा लोग समय पर दफ्तर पहुंच पा रहे हैं, वहीं छोटे व्यापारी और कामगार भी बिना देरी के अपने काम तक पहुंच रहे हैं, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या आसान हुई है।

    यह भी पढ़ें: एक मकान ने रोक दी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे की रफ्तार, करोड़ों के एक्सप्रेसवे पर भारी पड़ा किसान