दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर भीषण जाम, सिरहौल पर हजारों गाड़ियां फंसीं; CJP प्रदर्शन को लेकर सख्ती का असर
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर CJP प्रदर्शन से पहले कड़ी सुरक्षा और बैरिकेडिंग के कारण भीषण जाम लग गया, जिससे सरहौल बॉर्डर पर हजारों गाड़ियां फंस गईं।

दिल्ली गुरुग्राम बॉर्डर पर हजारों गाड़ियां फंसी। फोटो: वीडियो ग्रैब
HighLights
दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर CJP प्रदर्शन से पहले भीषण जाम
सरहौल बॉर्डर पर हजारों गाड़ियां फंसीं, यात्रियों को परेशानी
10 अक्टूबर को भी 30 प्रमुख स्थानों पर यातायात प्रभावित
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/गुरुग्राम। दिल्ली में CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने और बैरिकेडिंग के बीच दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर शुक्रवार रात भीषण जाम लग गया।
सिरहौल बॉर्डर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और दिल्ली तथा गुरुग्राम के बीच सफर करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली-नोएडा मार्ग पर भी ट्रैफिक की रफ्तार थम गई और कई प्रमुख सड़कों पर गाड़ियां रेंगती नजर आईं।
Traffic Jam at Delhi–Gurugram Border. https://t.co/fn0rPfVn1z
— Geet Sethi Advocate (@GeetSethiS) October 9, 2026
बैरिकेडिंग और जांच से बढ़ा ट्रैफिक दबाव
शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे और गुरु द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन से आया नगर बॉर्डर की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। सिरहौल बॉर्डर के दिल्ली वाले हिस्से में भी जाम की स्थिति बनी रही।
दिल्ली पुलिस की बैरिकेडिंग और CJP के प्रस्तावित प्रदर्शन से पहले बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था के कारण दोनों शहरों के बीच वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।
कालिंदी कुंज से सरिता विहार तक कतारें
दिल्ली-नोएडा मार्ग पर कालिंदी कुंज से सरिता विहार के बीच भी भारी जाम रहा। पीक आवर्स के दौरान ट्रैफिक का दबाव बढ़ने और रूट में बदलाव का असर आम यात्रियों पर पड़ा। नौकरी से घर लौट रहे लोगों समेत हजारों यात्रियों को परेशानी हुई।
Severe traffic jam at the Delhi-Gurugram border; long queues of vehicles at the Sarhaul border; thousands of vehicles stranded during evening peak hours due to protests and route diversions; commuters in distres #Protest #CJP #DelhiProtest #JantarMantar #Delhi #NarendraModi https://t.co/4UXIamDkKp
— Sujit Gupta (@sujitnewslive) October 9, 2026
10 अक्टूबर को 30 मार्गों पर डायवर्जन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 10 अक्टूबर को CJP प्रदर्शन के मद्देनजर नई दिल्ली की ओर जाने वाले 30 प्रमुख स्थानों और उनके आसपास के मार्गों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है। हालात के अनुसार सुबह 6 बजे से डायवर्जन लागू किए जा सकते हैं।
प्रभावित होने वाले प्रमुख स्थानों में धौला कुआं फ्लाईओवर, मंडी हाउस, झंडेवालान, पंचकुइयां रोड, कनॉट प्लेस, बाराखंबा रोड, जनपथ, संसद मार्ग और जंतर-मंतर रोड शामिल हैं।
यात्रियों के लिए पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें और घर से निकलने से पहले ट्रैफिक की स्थिति की जानकारी लें। रेलवे स्टेशन, बस अड्डे और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर चलने की सलाह दी गई है।
ट्रैफिक संबंधी अपडेट के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in और हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- 'विरोध का अधिकार जरूरी, पर शहर को ठप नहीं होने देंगे', CJP प्रदर्शन को लेकर सख्ती पर बोली दिल्ली पुलिस
यह भी पढ़ें- 'दिल्ली पुलिस के साथ तालमेल बिठाएं', CJP के विरोध-प्रदर्शन से पहले गृह सचिव का राज्यों और UT को निर्देश
