दिल्ली-NCR से 2-3 दिन में विदा होगा मानसून, एक हफ्ते तक बारिश नहीं; तेज धूप से बढ़ेगी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर से अगले दो से तीन दिनों में मानसून की विदाई होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, तापमान ...और पढ़ें

एआई जेनेरेटेड इमेज।
HighLights
दिल्ली-एनसीआर से दो-तीन दिन में मानसून की विदाई।
तापमान में वृद्धि, नमी में कमी, मौसम शुष्क होगा।
अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली सहित एनसीआर भर में मानसून की विदाई के लिए मौसमी परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। पिछले कुछ दिनों से तापमान बढ़ रहा है, नमी घट रही है और मौसम धीरे- धीरे शुष्क हो रहा है।
मौसम विभाग ने सोमवार काे कहा कि दो से तीन दिन में दिल्ली व एनसीआर के शहरों से मानसून की वापसी हो जाएगी। याद रहे कि राजधानी में मानसून की विदाई की तारीख वैसे 25 सितंबर तय है। इसमें आंशिक रूप से एक दो दिन आगे पीछे चलता रहता है।
उधर मौसम विभाग के पूर्वानुमान पर जाएं तो हाल फिलहाल वर्षा होने की भी कोई संभावना नहीं है। यहां यह भी उल्लेखनीय है कि इस साल दिल्ली में मानसून की वर्षा का कोटा अगस्त में ही पूरा हो गया था जबकि चार माह पहले साल भर की वर्षा का कोटा भी पूरा हो गया।
एक हफ्ते तक बारिश की संभावना नहीं
दूसरी तरफ सोमवार को भी दिल्ली में शुष्क मौसम और तेज धूप के बीच खासी गर्माहट का एहसास हुआ। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.2 डिग्री अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।हवा में नमी का स्तर 88 से 44 प्रतिशत रहा।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले एक सप्ताह तक दिल्ली में वर्षा होने की कोई संभावना नहीं है। आंशिक रूप से बादलों की आवा- जाही के बीच हर रोज ही तेज धूप निकली रहेगी। इस दौरान दिन का तापमान 34 से 35 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 24 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
