विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DGCA का नया विंटर शेड्यूल: भारतीय एयरलाइंस बढ़ाएंगी अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, दिल्ली-मुंबई बनेंगे ग्लोबल एविएशन हब

Published: Sun, 25 Oct 2026 03:43 PM (IST)

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने नया विंटर शेड्यूल जारी किया है, जिससे भारतीय एयरलाइंस अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में वृद्धि करेंगी और दिल्ली-मुंबई से वैश्विक कनेक्टिविटी बढ़ेगी।

डीजीसीए का नया विंटर शेड्यूल जारी। AI जनरेटेड इमेज

डीजीसीए का नया विंटर शेड्यूल जारी। AI जनरेटेड इमेज

HighLights

  1. डीजीसीए ने नया विंटर शेड्यूल 2026-27 जारी किया।

  2. भारतीय एयरलाइंस ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में भारी वृद्धि की।

  3. दिल्ली-मुंबई से वैश्विक कनेक्टिविटी बढ़ेगी, किराए पर नियंत्रण की उम्मीद।

गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने 25 अक्टूबर 2026 से 27 मार्च 2027 तक का नया विंटर शेड्यूल जारी कर दिया है।

इस बार इंडिगो, एअर इंडिया, आकासा एयर और एयर इंडिया एक्सप्रेस जैसी प्रमुख एयरलाइंस ने विदेशी कंपनियों को कड़ी टक्कर देने के लिए अपने बेड़े की पूरी ताकत झोंक दी है।

अनियंत्रित हवाई किराए से जूझते यात्रियों के लिए यह राहत की खबर है, क्योंकि इसके तहत दिल्ली (आईजीआई एयरपोर्ट) को ग्लोबल एविएशन ब्रिज बनाने के साथ ही मुंबई को भी अंतरराष्ट्रीय मार्गों से सीधे जोड़ा गया है।

क्या होता है विंटर शेड्यूल

विंटर शेड्यूल केवल उड़ानों की सूची नहीं, बल्कि सर्दियों में मौसम, अंतरराष्ट्रीय डेलाइट सेविंग टाइम (सर्दियों और गर्मियों में दिन के उजाले का बेहतर इस्तेमाल करने के लिए अपनी घड़ियों को एक घंटा आगे या पीछे करने की एक अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था) के अंत और दिवाली से लेकर न्यू ईयर व पोंगल जैसे पीक टूरिज्म सीजन के लिए तैयार पांच महीने का रोडमैप है।

इस दौरान पैसेंजर ट्रैफिक 25 से 30 प्रतिशत बढ़ जाता है, जिसे भुनाने और उड़ानों की समयबद्धता (आन टाइम परफार्मेंस) बनाए रखने के लिए एयरलाइंस आधुनिक विमान और नए रूट्स उतारती हैं।

आईजीआई एयरपोर्ट बना उड़ानों का गढ़

दिल्ली एयरपोर्ट इस शेड्यूल का मुख्य केंद्र है। इंडिगो ने यहाँ से बैंकाक, फुकेट, सिंगापुर, इस्तांबुल, जेद्दा, रियाद, दोहा और काठमांडू के लिए दैनिक व साप्ताहिक उड़ानों का जाल बिछाया है।

एअर इंडिया ने अपने अत्याधुनिक एयरबस ए350-900 और बोइंग 787 ड्रीमलाइनर बेड़े से लंदन, पेरिस, फ्रैंकफर्ट, न्यूयार्क और सैन फ्रांसिस्को जैसे लंबी दूरी के रूट्स पर पकड़ मजबूत की है।

वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस व आकासा एयर ने खाड़ी देशों व दक्षिण-पूर्व एशिया की उड़ानों को री-शेड्यूल किया है। कोहरे की चुनौती से निपटने के लिए डीजीसीए के निर्देशों पर प्रस्थान समय में तकनीकी समायोजन भी किया गया है।

मुंबई और क्षेत्रीय शहरों का विस्तार

मुंबई को भी खाड़ी देशों और पश्चिमी बाजारों के लिए मजबूत हब बनाते हुए इंडिगो और आकासा एयर ने जेद्दा, कुवैत, रियाद, अबू धाबी व फुकेट के लिए नए विमान तैनात किए हैं।

इसके अलावा एयर इंडिया एक्सप्रेस ने अमृतसर, जयपुर, लखनऊ, कोझिकोड, कन्नूर और त्रिची से शारजाह, मस्कट, दुबई व दोहा के लिए उड़ानों का विस्तार किया है, जिससे क्षेत्रीय यात्रियों को दिल्ली या मुंबई से कनेक्टिंग फ्लाइट लेने से मुक्ति मिलेगी।

किराए पर लगाम की उम्मीद

अत्यधिक व्यस्त रूटों पर सभी भारतीय एयरलाइंस द्वारा उड़ानें बढ़ाने से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिससे पीक सीजन में मनमाने किराए पर लगाम लगने की संभावना है।

विंटर शेड्यूल में किस एयरलाइन का कितना विस्तार

  • एयर इंडिया एक्सप्रेस: साप्ताहिक उड़ानें 3,150 से बढ़कर करीब 4,100 हुईं। कुल 585 दैनिक उड़ानों में 150 अंतरराष्ट्रीय हैं। नेटवर्क 83 से बढ़कर 100 से अधिक रूट्स का हुआ।
  • इंडिगो: खाड़ी देशों और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए दिल्ली-मुंबई से उड़ानों की संख्या में 15 से 20 प्रतिशत की वृद्धि।
  • एअर इंडिया: लंबी दूरी के रूट्स पर ए350-900 और बोइंग 787 की फ्रीक्वेंसी बढ़ाकर सीटों की उपलब्धता बढ़ाई।
  • अकासा एयर: संचालन क्षमता में 35 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि के साथ खाड़ी व घरेलू मार्गों का विस्तार किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।