Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली यूनिवर्सिटी की पहली सीट अलॉटमेंट जारी, पहले दिन 93 हजार छात्रों को मिला एडमिशन का मौका

    Updated: Thu, 16 Jul 2026 09:54 PM (IST)

    दिल्ली विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक दाखिले की पहली सीट आवंटन सूची जारी की है, जिसमें 93,033 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की ग ...और पढ़ें

    डीयू में उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

    डीयू में उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

    HighLights

    1. पहले चरण में 93,033 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गईं।

    2. छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक, उच्च शिक्षा में भागीदारी बढ़ी।

    3. एससी वर्ग में 95.2% सीटों का आवंटन, बेहतर प्रदर्शन।

    जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। डीयू ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक (यूजी) दाखिले के पहले चरण की सीट आवंटन सूची जारी कर दी है। पहले राउंड में 93,033 विद्यार्थियों को सीटें आवंटित की गई हैं। इनमें 51,014 छात्राएं और 42,019 छात्र शामिल हैं। एक बार फिर छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक रही है, जिससे स्पष्ट है कि डीयू में उच्च शिक्षा के लिए छात्राओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है।

    विद्यार्थियों की पहली पसंद बीए बीकाॅम ऑनर्स रही

    विश्वविद्यालय के अनुसार, इस वर्ष 2,18,284 विद्यार्थियों ने सफलतापूर्वक पंजीकरण कराया था, जबकि 2,08,043 अभ्यर्थियों की वरीयताओं पर पहले राउंड में विचार किया गया। विद्यार्थियों ने कालेज और पाठ्यक्रम के कुल 15.94 लाख से अधिक विकल्प भरे थे। पहले चरण में कुल 86.1 प्रतिशत आवंटन हुआ है। डीयू इस वर्ष 71624 प्रवेश ले रहा है। इसमें विद्यार्थियों की पहली पसंद बीए बीकाॅम ऑनर्स रही है।

    काउंसलिंग के दौरान ही भर जाएंगी सीटें!

    इस बार सबसे उल्लेखनीय बात अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग में सीट आवंटन का बेहतर प्रदर्शन है। एससी श्रेणी में 95.2 प्रतिशत सीटों का आवंटन हो चुका है। पिछले वर्षों में एससी वर्ग की कई सीटें विभिन्न कारणों से खाली रह जाती थीं और बाद के चरणों या स्पाट राउंड तक भी सभी सीटें नहीं भर पाती थीं। लेकिन पहले ही चरण में इतनी बड़ी संख्या में आवंटन होने से उम्मीद है कि इस वर्ष एससी वर्ग की अधिकांश सीटें नियमित काउंसलिंग के दौरान ही भर जाएंगी।

    अगले चरणों में आवंटन बढ़ने की संभावना

    अन्य श्रेणियों में अनारक्षित (यूआर) वर्ग में 99.9 प्रतिशत, ओबीसी में 96 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस में 92.7 प्रतिशत सीटों का आवंटन हुआ है। वहीं एसटी में 67.3 प्रतिशत और दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) श्रेणी में 23 प्रतिशत सीटों का आवंटन हुआ है। इन दोनों श्रेणियों में अगले चरणों में आवंटन बढ़ने की संभावना है। विश्वविद्यालय ने 1,243 एकल बालिका (सिंगल गर्ल चाइल्ड) और 242 अनाथ विद्यार्थियों को भी संबंधित आरक्षण प्रावधानों के तहत सीटें आवंटित की हैं।

    खबरें और भी

    अब आगे क्या होगा?

    पहले राउंड में सीट पाने वाले विद्यार्थियों को 18 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी सीट स्वीकार करनी होगी। इसके बाद संबंधित कालेज दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे और शुल्क भुगतान का लिंक जारी करेंगे। निर्धारित समय के भीतर फीस जमा करने पर ही दाखिला सुनिश्चित माना जाएगा।

    28 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र होगा शुरू

    फीस जमा करने के बाद विद्यार्थियों के पास फ्रीज या अपग्रेड का विकल्प होगा। जो छात्र आवंटित सीट से संतुष्ट हैं, वे फ्रीज का विकल्प चुन सकते हैं। जबकि बेहतर कालेज या पसंदीदा पाठ्यक्रम की उम्मीद रखने वाले विद्यार्थी अपग्रेड चुनकर 21 जुलाई रात 11:59 बजे तक अपनी उच्च वरीयताओं को दोबारा व्यवस्थित (रीऑर्डर) भी कर सकेंगे।

    इसके आधार पर उन्हें अगले आवंटन चरण में बेहतर विकल्प मिलने का अवसर मिलेगा। विश्वविद्यालय ने सभी अभ्यर्थियों को नियमित रूप से प्रवेश पोर्टल पर अपडेट देखते रहने की सलाह दी है। 28 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं शुरू होंगी।

    यह भी पढ़ें- DU Admission 2026: पहली सीट अलॉटमेंट के बाद CSAS पोर्टल क्रैश, छात्रों का बढ़ा इंतजार