विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

DUSU Election 2026: दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव के लिए वोटिंग जारी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

Published: Fri, 18 Sep 2026 06:01 AM (IST)Updated: Fri, 18 Sep 2026 10:39 AM (IST)

दिल्ली के कॉलेजों में डूसू चुनाव के लिए मतदान जारी है, जहां छात्र अपने प्रतिनिधियों का चुनाव कर रहे हैं। ...और पढ़ें

डूसू चुनाव को लेकर कॉलेजों में वोटिंग जारी। जागरण

डूसू चुनाव को लेकर कॉलेजों में वोटिंग जारी। जागरण

HighLights

  1. दक्षिणी दिल्ली के कॉलेजों में डूसू चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया जारी है।

  2. दिल्ली पुलिस ने उत्तरी परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।

  3. कुल 1.5 लाख से अधिक मतदाता चार केंद्रीय पदों के लिए वोट डालेंगे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के कॉलेजों में दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव (डूसू) को लेकर मतदान प्रक्रिया जारी है। कॉलेजों में मतदाताओं को मार्गदर्शन देने के किए जगह जगह वालंटियर की तैनाती की गई है।

कॉलेजों में आईकार्ड देखकर ही प्रवेश दिया जा रहा है। मतदान के लिए लगातार छात्र-छात्राओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

श्री अरबिंदो कॉलेज के मुताबिक, सुबह 9 बजे के बाद मतदाताओं के आने की संख्या बढ़ी है। वहीं, भगत सिंह कॉलेज में डेढ़ घंटे में करीब 150 मतदाता मतदान कर चुके हैं।

jagran News - 2026-09-18T082233.738

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में आज छात्र अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। चुनावी प्रचार, आरोप-प्रत्यारोप और छात्र संगठनों की जोरदार गतिविधियों के बाद शुक्रवार को मतदान होगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं।

दिल्ली यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) चुनाव से पहले दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एडिशनल डीसीपी पुखराज के गुप्ता ने बताया, "हमने पूरे नॉर्थ कैंपस को पांच जोन और 23 सेक्टर में बांटा है। एक जोनल की जिम्मेदारी ACP लेवल के ऑफिसर को दी गई है, और हर सेक्टर की जिम्मेदारी एक इंस्पेक्टर लेवल के ऑफिसर को दी गई है।'

उन्होंने बताया कि हमने हर कॉलेज के गेट और जरूरी चेकप्वाइंट पर पिकेट और बैरिकेड लगाए हैं ताकि कोई भी बिना इजाजत के अंदर न जा सके। हमने पूरा कैंपस खुला रखा है। गाड़ियां और लोग अंदर आ सकते हैं, वोट डाल सकते हैं, और बिना किसी परेशानी के जा सकते हैं।

कुल 1,51,842 मतदाता चार केंद्रीय पदों के प्रत्याशियों के लिए मतदान करेंगे। चुनाव में 830 बैलेट यूनिट और 281 कंट्रोल यूनिट का इस्तेमाल किया जाएगा। मतदान के लिए 52 कॉलेजों और केंद्रों पर व्यवस्था की गई है। शनिवार को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

मतदान शाम 7:30 बजे तक

डीयू में सुबह और शाम की शिफ्ट में पढ़ने वाले छात्रों के लिए अलग-अलग मतदान समय निर्धारित किया गया है। सुबह की शिफ्ट के छात्र सुबह 8:30 बजे से दोपहर एक बजे तक वोट डाल सकेंगे। वहीं शाम की शिफ्ट के छात्रों के लिए मतदान दोपहर तीन बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा।

मतदान केंद्रों पर छात्रों की पहचान जांच समेत अन्य जरूरी इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने छात्रों से निर्धारित समय पर पहुंचकर मतदान करने और चुनावी आचार संहिता का पालन करने की अपील की है। छात्रों को वोट डालने के लिए कालेज कार्ड लाना अनिवार्य रहेगा।

मतदान के दौरान किसी भी तकनीकी खराबी या अन्य गड़बड़ी से निपटने के लिए 12 कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इनसे विभिन्न मतदान केंद्रों की निगरानी की जाएगी। किसी केंद्र से शिकायत या तकनीकी समस्या मिलने पर संबंधित टीम को कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा। प्रशासन का दावा है कि चुनावी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं।

चार पदों पर 20 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

डूसू के चार केंद्रीय पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए कुल 20 प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें अध्यक्ष पद पर सात, उपाध्यक्ष पर पांच, सचिव पर चार और संयुक्त सचिव पर चार प्रत्याशी हैं। एबीवीपी, एनएसयूआई, आइसा-एसएफआई गठबंधन और एएसएपी समेत विभिन्न छात्र संगठनों ने चुनाव में अपने पैनल उतारे हैं।

एनएसयूआइ की ओर से अध्यक्ष पद पर विजय शंकर मीणा, उपाध्यक्ष पर वीर चतरथ, सचिव पर नम्रता चौधरी और संयुक्त सचिव पर गोपाल चौधरी चुनाव लड़ रहे हैं। एबीवीपी ने अध्यक्ष पद पर यश डबास, उपाध्यक्ष पर इशू मौर्य, सचिव पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पर लक्ष्यराज सिंह को मैदान में उतारा है। वहीं आइसा-एसएफआइ गठबंधन की ओर से अध्यक्ष पद पर अनन्या रतूड़ी, उपाध्यक्ष पर अक्षत शिखर, सचिव पर स्टैनजिन डेसक्यॉन्ग और संयुक्त सचिव पर बी. पारीजात प्रत्याशी हैं।

कल होगी मतगणना

तदान समाप्त होने के बाद चुनावी यूनिट और रिकार्ड को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित रखा जाएगा। शनिवार 19 सितंबर को मतगणना होगी। इसी दिन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद के परिणाम घोषित किए जाएंगे। चुनावी प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें- JNU से पढ़ाई फिर UPSC क्रैक... अब बनीं CRPF कोबरा कमांडो की IG, संजुक्ता पराशर की कहानी