Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली द्वारका हादसा: पहले बालिग फिर नाबालिग, बर्थ सर्टिफिकेट से सामने आया आरोपी की उम्र का सच

    Updated: Tue, 17 Feb 2026 08:44 PM (IST)

    द्वारका में 3 फरवरी को हुए साहिल की मौत के मामले में पुलिस अब आरोपित नाबालिग, उसके पिता और कार मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। साहिल की मां ने पुल ...और पढ़ें

    द्वारका में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले साहिल।  (फाइल फोटो)

    द्वारका में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले साहिल। (फाइल फोटो)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। द्वारका इलाके में तीन फरवरी को हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले साहिल की मां इन्ना माकन के कड़े संघर्ष और पुलिसिया कार्रवाई पर उठाए गए सवालों के बाद अब प्रशासन हरकत में आया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में न केवल आरोपित नाबालिग, बल्कि उसके पिता और कार मालिक के खिलाफ भी सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।

    मृतक साहिल की मां ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि शुरुआती एफआईआर में जिस आरोपित को 19 वर्षीय बालिग बताया गया था, वह बाद में दस्तावेजों में नाबालिग कैसे निकल दिया गया।

    Dwarka Accident

    साहिल की मां इन्ना माकन।

    उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के समय आरोपित के पास लाइसेंस नहीं था, फिर भी पुलिस ने शुरुआती जांच में दस्तावेजों की गहनता से पड़ताल क्यों नहीं की। वहीं, उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद जांच अधिकारी ने मौके पर आरोपित को पकड़ा था।

    पूछताछ में उसने अपनी उम्र 19 वर्ष बताई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई शुरू की गई था। बाद में जब आरोपित ने अपने दस्तावेज पुलिस को सौंपे तो आरोपित की उम्र 17 वर्ष पाई गई।

    इसके बाद उसे नाबालिग के तौर पर जेजे बोर्ड के समक्ष पेश कर बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। आरोपित के पिता और गाड़ी के मालिक पर भी नियम संगत सख्त कार्रवाई की गई है और उन्हें चार्जशीट पर लिया जाएगा।

    सोशल मीडिया पर रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो

    हादसे के वीडियो सोमवार रात से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक काले रंग की स्कॉर्पियों तेज रफ्तार में जा रही थी, तभी एक स्कूल बस के पीछे से साहिल ओवरटेक करके अपनी यामाहा आर 15 बाइक से आते दिख रहे हैं और इसके पहले कि वह कुछ समझपाता उसकी बाइक तेज रफ्तार में आ रही स्कॉर्पियों से टकरा गई।

    खबरें और भी

    स्कॉर्पियों की रफ्तार इतनी तेज थी कि चला रहा नबालिग बाइक में टक्कर मारने के बाद भी वह कार पर न ही नियंत्रण रख सका और न ही उसे रोक सका और जाकर सड़क किनारे खड़ी कैब से जा टकराई जिससे कैब बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें उस कार का चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

    जस्टिस फॉर साहिल सोशल मीडिया पर बना जन-आंदोलन

    साहिल की मौत के बाद न्याय की मांग अब केवल उनके परिवार तक सीमित नहीं रही है। सोशल मीडिया पर जस्टिस फोर साहिल अभियान तेज हो गया है। एक ऑनलाइन याचिका पर अब तक 4 हजार से अधिक लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं, जो आरोपित और उसके पिता जो वाहन मालिक हैं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। द्वारका साउथ पुलिस ने बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। डीसीपी द्वारका ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का आश्वासन दिया है।

    पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट बयां करती है हादसे की भयावहता

    साहिल की पोस्टमॉर्टम (आटोप्सी) रिपोर्ट इस हादसे की भयावहता को बयां कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक टक्कर और उसके बाद सड़क पर गिरने से साहिल के सिर के बाएं हिस्से में गंभीर फ्रैक्चर हुआ था। टक्कर के प्रभाव से दिमाग के भीतर भारी खून का थक्का जम गया था, जिससे दिमाग में घातक सूजन आ गई थी।

    साहिल की बाईं ओर की तीन पसलियां (चौथी, पांचवीं और छठी) पूरी तरह चकनाचूर हो गई थीं। टूटी हुई पसलियों और टक्कर के दबाव के कारण फेफड़ों में गहरा जख्म हुआ, जिससे शरीर के भीतर भारी रक्तस्राव होने लगा। रिपोर्ट के अनुसार अत्यधिक खून बहने और सिर की गंभीर चोटों के कारण साहिल की हादसे को कुछ ही समय बाद मौत हो गई।

    दो कमरो के घर में रहते थे मां बेटा, प्रॉपर्टी का था काम

    साहिल अपनी मां इन्ना माकन के साथ द्वारका के सेक्टर- आठ स्थित बी ब्लॉक में अपने दो कमरों के फ्लैट में रहते थे। उनकी मां प्रॉपर्टी का काम किया करती थी। वह भी अपनी मां को इस काम में हाथ बटाया करते थे।

    उनकी मां और पिता का काफी पहले तलाक को गया था। उसके बाद से ही साहिल अपनी मां के साथ ही रहा करते थे। पहले इन्ना माकन मेकअप आर्टिस्ट का काम करती थी, बाद में वह प्रॉपर्टी का काम करने लगीं। साल 2018 में साहिल के पिता का देहांत हो गया था।

    हादसे के बाद भाग रहे आरोपित को लोगों ने घेरकर पकड़ा

    हादसे के बाद आरोपित नाबालिक और उसकी बहन गाड़ी को छोड़ कर मौके से फरार हो रहे थे, पर यह देख वहां जुटे लोगों ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान वे दोनों भाई बहन घेरने वाले से ही उलझ गए पर लोगों की भीड़ ने उन्हें रोक लिया और पुलिस के आने के बाद उन दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों की यह हरकर सड़क पर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

    यह भी पढ़ें- UK की मैनचेस्टर यूनिवर्सिटी में MBA के लिए साहिल ने किया था अप्लाई, हादसे के 10 दिन बाद आया लेटर

    यह भी पढ़ें- द्वारका हादसे से लेकर नाबालिग आरोपी की बेल तक, कैसे छिन गया मां का इकलौता लाल; पूरी इनसाइड स्टोरी