विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फरीदाबाद में सड़क पर भरा सीवर का पानी, बचने के प्रयास में ट्रांसफार्मर से टकराया साइकिल सवार; करंट से मौत

Published: Wed, 14 Oct 2026 02:46 PM (IST)

फरीदाबाद में सीवर के पानी से बचने के चक्कर में एक साइकिल सवार का संतुलन बिगड़ा और वह ट्रांसफार्मर से ...और पढ़ें

HighLights

  1. सीवर के पानी से बचने में साइकिल सवार का संतुलन बिगड़ा।

  2. सड़क किनारे रखे ट्रांसफार्मर से टकराने पर करंट लगा।

  3. करंट लगने से साइकिल सवार दिनेश तिवारी की मृत्यु।

जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। फरीदाबाद में रोशन नगर इलाके में 8 अगस्त को डिलीवरी ब्वॉय सड़क में बने गड्ढे के कारण मोटरसाइकिल सहित गिर पड़ा था, सहारे के लिए उसने बिजली के खंभे को हाथ लगाया, उसमें करंट से उसकी मौत हो गई।

दो महीने बाद ऐसा ही एक और मामला संजय कॉलोनी में सामने आया है। सरकारी विभागाें की लापरवाही से फिर एक जान चली गई। संजय कालाेनी 22 फुट रोड पर सीवर पानी से भरी सड़क पर गड्ढे में गिरकर ट्रांसफार्मर से टकराए साइकिल सवार की करंट से मौत हो गई।

नगर निगम और बिजली विभाग को दोषी ठहराया

मृतक का नाम दिनेश तिवारी था, जो मूलरूप से पूरा बाजार गांव तुलसीराम का पूर्वा अयोध्या का रहने वाला था। वह यहां शिव कालोनी में पत्नी व तीन बेटियों के साथ रहता था। भाई रविंदर तिवारी ने उसकी मौत के लिए नगर निगम और बिजली विभाग को दोषी ठहराया है।

रविंदर ने बताया कि भाई दिनेश एक फैक्ट्री में श्रमिक के तौर पर काम करता था। मंगलवार रात ड्यूटी से छुट्टी होने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। 22 फुट रोड पर सीवर का पानी भरा हुआ था और सड़क में गड्ढा भी था। पानी भरा होने के कारण दिनेश तिवारी को सड़क का गड्ढा दिखाई नहीं दिया।

बुरी तरह झुलस गया

इससे उसकी साइकिल गड्ढे में चली गई और वह पास लगे ट्रांसफार्मर की तरफ गिर पड़ा। ट्रांसफार्मर भी नीचे रखा हुआ है। दिनेश का हाथ ट्रांसफार्मर से टकरा गया, करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि स्वजन ने अभी शिकायत नहीं दी है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे

  • 18 सितंबर : राजीव कालोनी पंडित चौक पर सुबह कुत्ते को टहलाने निकले 19 वर्षीय अमन और उनके कुत्ते की सड़क पर टूटे पड़े बिजली के तार में दौड़ रहे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई।
  • 8 अगस्त : रोशन नगर इलाके में डिलिवरी ब्वाय रामखिलावन की करंट लगने से मौत हुई। सड़क पर जलभराव और गड्ढे से बचने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ने पर युवक ने खुद को संभालने के लिए बिजली के खंभे का सहारा लिया था। खंभे में करंट होने के कारण उसकी झुलसने से मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने किसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया था।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।