जीटी करनाल हाईवे पर तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो रिक्शा को मारी टक्कर, 10 साल की बच्ची समेत तीन की मौत
जीटी करनाल हाईवे पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी।

हादसे में ऑटो के उड़े परखच्चे। जागरण
HighLights
जीटी करनाल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी।
हादसे में तीन की मौत, चार लोग घायल हुए।
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। जीटी करनाल हाईवे पर बुधवार सुबह भीषण सड़क हादसे में 10 साल की बच्ची, ऑटो रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए।
घायलों में पिता व पुत्र की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में बेटी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अलीपुर के शनि मंदिर के पास तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो रिक्शा को टक्कर मारी।
टक्कर में ऑटो रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। ऑटो रिक्शा में सात लोग सवार थे, एक परिवार के चार लोग शामिल थे। बेटी की मौत हो गई और पिता-पुत्र गंभीर रूप से घालय हो गए। चौथे सदस्य को मामूली चोट आईं। हादसे में जान गंवाने वाले तीसरे शख्स की अभी पहचान नहीं हो पाई है।
हादसे के बाद ऑटो में बुरी तरह फंसा एक शख्स
हादसे के बाद एक व्यक्ति ऑटो में बुरी तरह फंस गया, जिसे दमकल विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को तुरंत राजा हरिश्चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया।
हादसे के बाद स्थानीय पुलिस के अलावा दमकल विभाग, कैट्स एंबुलेंस, ट्रैफिक पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
