आईजीआई एयरपोर्ट पर तस्करी कर लाए 45.86 लाख रुपये का सोना बरामद, पुलिस ने दर्ज किया केस
आईजीआई एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने उज्बेकिस्तान की महिला यात्री से 45.86 लाख रुपये का सोना बरामद कर तस्करी का ...और पढ़ें

उज्बेकिस्तान की महिला यात्री से 45.86 लाख रुपये का सोना बरामद। (एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
आईजीआई एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का प्रयास विफल।
उज्बेकिस्तान की महिला यात्री से 326 ग्राम सोना बरामद।
बरामद सोने की कीमत 45 लाख 86 हजार रुपये।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की टीम ने सोने की तस्करी के एक प्रयास को विफल करते हुए उज्बेकिस्तान पासपोर्ट धारक एक महिला यात्री को पकड़ा है। महिला अलमाटी से एअर अस्ताना की उड़ान संख्या केसी-907 से दिल्ली पहुंची थी।
एयरपोर्ट पर बिना जांच के ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की जुगत में थी। पर पार करने के दौरान वहां तैनात कस्टम की इंटेलिजेंस की टीम को उसके व्यवहार पर संदेह हुआ, जिसके बाद उसे जांच के लिए रोक लिया गया।
महिला यात्री की विस्तृत जांच की गई
कस्टम अधिकारी ने बताया कि महिला यात्री की विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान उसके शरीर में छिपाकर रखे गए सोने के आभूषण बरामद किए गए। बरामद आभूषणों का कुल वजन 326 ग्राम है। कस्टम विभाग के अनुसार, बरामद सोने की कीमत 45 लाख 86 हजार 469 रुपये आंकी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला ने सोने के आभूषणों को शरीर में इस तरह छिपाया था कि सामान्य सुरक्षा जांच के दौरान उनका पता लगाना मुश्किल हो। हालांकि, संदेह के आधार पर की गई विस्तृत जांच में अधिकारियों ने सोना बरामद कर लिया।
मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही
कस्टम विभाग ने बरामद सोने को जब्त कर महिला यात्री के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत मामला दर्ज किया है। अब यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला सोना कहां से लेकर आई थी और इसे दिल्ली में किसे सौंपा जाना था। अधिकारियों द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
