दिल्ली में पाकिस्तानी दूतावास पर चला बुलडोजर, वीजा काउंटर के पास का अवैध निर्माण ध्वस्त; बैरिकेट्स भी हटाए
भारत ने दिल्ली स्थित पाकिस्तानी दूतावास में किए गए अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान बुलडोजर से वीजा काउंटर और अन्य अवैध हिस्सों को हटाया गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन के बाहर सुरक्षा घेरे के लिए लगाए गए बैरिकेड और ट्रैफिक बोलार्ड हटा दिए गए हैं।
दिल्ली पुलिस ने हाई कमीशन परिसर के बाहर लगे इन अवरोधकों को हटाया है। ये बैरिकेड और बोलार्ड लंबे समय से हाई कमीशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा थे।
बुलडोजर से अवैध निर्माण को ढहाया। जागरण
बुलडोजर से ढहाया अतिक्रमण
चाणक्यपुरी स्थित पाकिस्तान हाई कमीशन में अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर बुलडोजर से कार्रवाई की गई। शांति पथ स्थित दूतावास परिसर में निर्धारित क्षेत्र से बाहर बनाए गए ढांचे को ढहा दिया गया। कार्रवाई के दौरान वीजा काउंटर और उससे जुड़े कुछ हिस्से भी हटाए गए।

यह कार्रवाई भारत-पाकिस्तान के बीच हालिया घटनाक्रम के बीच हुई है। इसे पाकिस्तान में भारतीय उच्चायोग के आसपास की गई कार्रवाई के जवाब के तौर पर भी देखा जा रहा है।
हाकिस्तान की करतूत के बाद हुई कार्रवाई
भारत की यह कार्रवाई इस्लामाबाद स्थित भारतीय उच्चायोग के बाहर पाकिस्तान की ओर से पार्किंग पोल हटाए जाने के कुछ दिन बाद हुई है। ऐसे में इसे दोनों देशों के बीच राजनयिक स्तर पर जारी तनातनी के बीच भारत के जवाबी कदम के तौर पर देखा जा रहा है।

ऐसे समय में हुई कार्रवाई
यह घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने जम्मू-कश्मीर की यात्रा के दौरान इसे भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया है। उनके इस बयान पर पाकिस्तान ने आपत्ति जताई और अमेरिकी राजनयिक को तलब कर विरोध दर्ज कराया है।
कई मुद्दों को लेकर तनाव बरकरार
गौरतलब है कि भारत और पाकिस्तान के बीच हाल के दिनों में राजनयिक स्तर पर कई मुद्दों को लेकर तनाव बना हुआ है। ऐसे में दोनों देशों के दूतावासों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कदमों को भी इसी पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है।
