विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

युवा फिल्मकारों के सपनों को मिलेगा मंच, जागरण फिल्म फेस्टिवल में मिलेगी एक लाख की ग्रांट

Updated: Mon, 17 Aug 2026 05:32 AM (IST)

जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) 20 से 23 अगस्त तक डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 'जेएफएफ अनटाइटल्ड' शॉर्ट फिल्म ग्रांट शुरू ...और पढ़ें

चयनित फिल्मकारों को एक लाख रुपये की प्रोडक्शन ग्रांट मिलेगी। इमेज एआई

चयनित फिल्मकारों को एक लाख रुपये की प्रोडक्शन ग्रांट मिलेगी। इमेज एआई

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। फिल्मों में करियर बनाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए मंच तक पहुंचना जितना मुश्किल है, उससे कहीं बड़ी चुनौती उनके लिए अपनी कहानी को पर्दे पर उतारना है। उभरते फिल्मकारों को मौका देने के लिए इस बार जनपथ स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 20 से 23 अगस्त तक आयोजित होने वाले जागरण फिल्म फेस्टिवल (जेएफएफ) में जेएफएफ अनटाइटल्ड- शॉर्ट फिल्म ग्रांट की भी शुरूआत करने जा रहा है।

इसके तहत दूसरे सत्र में चयनित होने वाले फिल्मकारों को एक लाख रुपये की प्रोडक्शन ग्रांट के साथ फिल्म बनाने के लिए स्टूडियो सपोर्ट भी उपलब्ध करवाएगा।

इस पहल की खासियत यह है कि इसमें केवल आइडिया के आधार पर चयन नहीं होगा। आवेदन करने वाले फिल्मकार के पास तैयार स्क्रिप्ट के साथ निर्देशक, कलाकार, सिनेमैटोग्राफर और अन्य जरूरी सदस्यों वाली एक कोर टीम का होना भी जरूरी है। चयनित उम्मीदवार को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जिससे युवा फिल्मकार अपनी कहानी को प्रोडक्शन के स्तर तक ले जा सकेंगे। इसके अलावा एएएफटी की ओर से स्टूडियो सपोर्ट भी मिलेगा।

जेएफएफ अनटाइटल्ड के मेंटर के तौर पर फिल्म एवं मीडिया क्षेत्र के अनुभवी विशेषज्ञ डा. संदीप मारवाह और पूजा अरोड़ा जुड़ेगे। फेस्टिवल में इस पहल से जुड़े मेंटरशिप सत्र का भी आयोजन होगा, जहां युवा फिल्मकारों को अपनी परियोजना को बेहतर ढंग से विकसित करने और उसे प्रोडक्शन तक ले जाने की दिशा में मार्गदर्शन मिलेगा। पिछले वर्ष शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य नए फिल्मकारों को केवल पहचान दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक फिल्म निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है।

ऐसे मिलेगा प्रवेश

इस महोत्सव में दर्शक बुक माय शो से टिकट लेकर आसानी से प्रवेश कर सकते हैं और फिल्मों का दैनिक स्क्रीनिंग शेड्यूल वेबसाइट www.jff.co.in/screening-2026 पर देख सकते हैं।

ऐसे पहुंचे

दर्शक डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर पहुंचने के लिए मेट्रो, बस या निजी वाहन का उपयोग कर सकते हैं। सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन जनपथ (वायलेट लाइन) है, जहां से अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर की दूरी मात्र 300 मीटर है। इसके अलावा पटेल चौक और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन से भी पैदल या ई-रिक्शा के माध्यम से पहुंच सकते हैं।