विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

JNU में छात्रा से छेड़छाड़ पर बवाल, कार सवार युवकों ने दिया शराब का ऑफर; मेन गेट पर ABVP का प्रदर्शन

Published: Tue, 22 Sep 2026 11:44 PM (IST)

जेएनयू में एक छात्रा ने बाहरी युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाया है, जिसके बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर ...और पढ़ें

जेएनयू में छात्रा से छेड़खानी।

जेएनयू में छात्रा से छेड़खानी। 

HighLights

  1. जेएनयू छात्रा ने बाहरी युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाया।

  2. पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया, जांच शुरू की।

  3. छात्र संगठनों ने परिसर सुरक्षा को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में सोमवार देर रात एक छात्रा ने बाहरी युवकों पर छेड़खानी का आरोप लगाया। घटना के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

छात्रा की ओर से अभी दिल्ली पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी गई है, हालांकि घटनाक्रम के संबंध में जेएनयू के सुपरवाइजर ने वसंतकुंज नार्थ थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।

छात्रा को कार में शराब पीने का ऑफर दिया

जानकारी के अनुसार, छात्रा साबरमती ढाबे से अपने हास्टल की ओर लौट रही थी। इसी दौरान ताप्ती हास्टल के पास कार में सवार दो युवकों ने उसे कार में बैठने और शराब पीने का आफर दिया।

छात्रा ने इसका विरोध किया और तत्काल मामले की जानकारी वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड को दी। इसके बाद मौके पर हंगामा हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस की पीसीआर भी परिसर में पहुंची और युवकों को हिरासत में लिया गया।

यह भी पढ़ें- डूसू चुनाव जीतने के बाद सत्य निकेतन पहुंचे एबीवीपी के नवनिर्वाचित पदाधिकारी, ‘सत्य स्क्वायर’ पर दी श्रद्धांजलि

प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, जिस कार से युवक परिसर में पहुंचे थे, उसकी एंट्री जेएनयू के एक छात्र के नाम पर हुई थी। शिकायत में यह भी आरोप सामने आया है कि उक्त छात्र के नाम पर अलग-अलग गाड़ियों की परिसर में एंट्री कराई जाती है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।

WhatsApp Image 2026-09-22 at 23.30.03

घटना की जानकारी मिलते ही जेएनयू छात्रसंघ समेत विभिन्न छात्र संगठनों के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पिछले कुछ दिनों से परिसर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठाने वाली घटनाओं के बीच ताजा मामला सामने आने से छात्रों में नाराजगी है।

मुख्य द्वार बंद कर एबीवीपी का प्रदर्शन

लगातार छात्राओं से हो रही छेड़छाड़ की घटना के विरोध में एबीवीपी जेएनयू ने मंगलवार को विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने छात्राओं की सुरक्षा और परिसर में बाहरी तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।

WhatsApp Image 2026-09-22 at 23.30.04

इस दौरान मुख्य द्वार पर आवागमन रोक दिया गया और प्रशासन व सुरक्षा व्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि परिसर में बाहरी लोगों की अनियंत्रित आवाजाही पर तत्काल रोक लगनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- दिल्ली में पैदल यात्रियों को मिलेगी राहत, ओखला और जेएनयू-आईआईटी के पास बनेंगे नए फुट ओवरब्रिज