विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'60000 करोड़ के जल बोर्ड घोटाले में केजरीवाल भी जाएंगे जेल', केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा का बड़ा दावा

Updated: Wed, 19 Aug 2026 09:56 PM (IST)

दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेताओं ने आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने दावा किया कि 60 हजार करोड़ के घोटाले में अरविंद केजरीवाल भी जेल जाएंगे।

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा का केजरीवाल को लेकर बड़ा दावा। फोटो: आर्काइव

केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा का केजरीवाल को लेकर बड़ा दावा। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. हर्ष मल्होत्रा का दावा, केजरीवाल भी जाएंगे जेल

  2. दिल्ली जल बोर्ड में 60 हजार करोड़ का घोटाला

  3. भाजपा ने AAP को बताया भ्रष्टाचार में डूबी पार्टी

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) घोटाले में पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली भाजपा अध्यक्ष व केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बड़ा दावा किया है कि घोटाले में पूर्व मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भी जेल जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि डीजेबी में 10 वर्षों तक कोई आडिट नहीं हुआ और लगभग 60 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। अगर वह रिपोर्ट आ गई तो संभवत: अरविंद केजरीवाल खुद जेल में हाेंगे।

पंजाब चुनाव से पहले आप पर भाजपा का हमला

अगले वर्ष पंजाब विस चुनाव पूर्व गर्मा रही दिल्ली से सियासत में हमलावर हर्ष मल्होत्रा ने आगे कहा कि आप ने अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और विभव कुमार जैसे दागी नेताओं को पंजाब भेजकर वहां की जनता के धन से कोठी, बंगला, गाड़ी और सुरक्षा मुहैया कराई है।

अब जब उनके काले कारनामों की जांच और गिरफ्तारियां हो रही हैं, तो वे राजनीतिक विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं। इसी तरह अन्य भाजपा नेताओं ने आप पर तीखा हमला बोलते हुए उसे भ्रष्टाचार में डूबी और राजनीतिक रूप से हताश पार्टी करार दिया है।

यमुना प्रदूषण और एसटीपी को लेकर आरोप

सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि सत्येंद्र जैन और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी से यह स्पष्ट हो गया है कि पिछले 10 वर्षों में दिल्ली को किस प्रकार लूटा गया। नालों पर एक भी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) न लगाने और यमुना नदी के लगातार प्रदूषित होने के पीछे यही शासकीय भ्रष्टाचार जिम्मेदार है।

लोकसभा सदस्य बांसुरी स्वराज ने आरोप लगाया कि तत्कालीन सरकार की नीयत केवल प्रचार और भ्रष्टाचार की थी। जनता के पैसों का उपयोग जलभराव रोकने और एसटीपी प्लांट लगाकर यमुना को स्वच्छ बनाने के लिए होना था, लेकिन जनता की उस गाढ़ी कमाई को को नेताओं, अधिकारियों और ठेकेदारों ने मिलकर आपस में बांट लिया।

केजरीवाल तक जांच की आंच पहुंचने का दावा

राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में 10 साल तक भ्रष्टाचार की दुकान चलाई और अब पंजाब में भी ऐसा ही सिलसिला शुरू कर दिया है। भ्रष्टाचार की इस फिल्म के लेखक, निर्देशक और निर्माता अरविंद केजरीवाल खुद हैं, इसलिए जांच की आंच उन तक भी पहुंचनी चाहिए।

मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने भी कटाक्ष करते हुए कहा कि आप नेताओं द्वारा बार-बार एजेंसियों की कार्रवाई को राजनीतिक षडयंत्र बताना महज एक नाटक है। जनता अब इनकी ईमानदारी के ढकोसलों को भली-भांति समझ चुकी है और आने वाले समय में उसका जवाब देगी।

यह भी पढ़ें- सत्येंद्र जैन को झटका, कोर्ट का गिरफ्तारी को अवैध ठहराने से इनकार; 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा