दिल्ली में पूर्व विधायक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, आरोग्य मंदिर की जमीन पर बुलडोजर एक्शन के विरोध में उतारे कपड़े
ख्याला में आरोग्य मंदिर के लिए जमीन खाली कराने पहुंची डूसिब टीम को पूर्व विधायक दयानंद चंदेला के भारी विरोध ...और पढ़ें

दिल्ली में पूर्व विधायक का हाई-वोल्टेज ड्रामा, आरोग्य मंदिर की जमीन पर बुलडोजर एक्शन के विरोध में उतारे कपड़े
HighLights
डूसिब टीम को ख्याला में आरोग्य मंदिर की जमीन पर विरोध
पूर्व विधायक दयानंद चंदेला ने घर से अतिक्रमण हटाने का विरोध किया
स्वास्थ्य विभाग की योजना के तहत आरोग्य मंदिर का निर्माण होगा
जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। ख्याला के एनडब्ल्यू चौक स्थित चौपाल की जमीन पर प्रस्तावित आरोग्य मंदिर के निर्माण के लिए सोमवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डूसिब) और पुलिस की संयुक्त टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।
पूर्व विधायक दयानंद चंदेला ने कार्रवाई का विरोध करते हुए घर के अंदर से टीम का विरोध किया।यहां तक कि उन्होंने कपड़े उतारकर घर के मुख्य दरवाजे के सामने खड़े हो गए। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
आरोग्य मंदिर के लिए जमीन खाली कराने की तैयारी
अधिकारियों के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग की योजना के तहत चौपाल की जमीन पर आरोग्य मंदिर का निर्माण किया जाना है। इसके लिए जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने और संबंधित विभाग को कब्जा हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
सोमवार को डूसिब की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही पूर्व विधायक की ओर से विरोध किया गया, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
कार्रवाई के दौरान डूसिब कर्मचारियों ने स्थल पर लगी लोहे की ग्रिल को कटर से काटकर अंदर जाने का प्रयास किया। ग्रिल काटने में सफलता नहीं मिली। पर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया जारी है।
डूसिब के पास बताया गया मालिकाना हक
रिकार्ड के अनुसार, नजफगढ़ रोड विकास योजना के एलओपी में चौपाल की जमीन का मालिकाना हक डूसिब के पास बताया गया है। हालांकि, चौपाल का निर्माण सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग (आइएंडएफसी) की ओर से कराया गया था और उसका कब्जा भी उसी विभाग के पास था।
अब स्वास्थ्य विभाग की ओर से यहां आरोग्य मंदिर बनाने की योजना के बाद जमीन का कब्जा डूसिब को सौंपने और स्थल को अतिक्रमण मुक्त कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल मौके पर मौजूद है। प्रशासन की ओर से जमीन को खाली कराने और कब्जा हस्तांतरण की प्रक्रिया नियमानुसार आगे बढ़ाई जा रही है।
उल्लेखनीय है कि दयानंद चंदेला वर्ष 2003 से 2008 तक विष्णु गार्डन और 2008 से 2013 तक राजौरी गार्डन विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे हैं।
ख्याला में डूसिब की सरकारी जमीन पर वर्षों से कब्जा कर चौपाल का इस्तेमाल किया जा रहा था। आयुष्मान आरोग्य मंदिर के लिए जमीन खाली कराने पहुंची सरकारी टीम का विरोध और कर्मचारियों पर डंडे से हमला बेहद निंदनीय है। दयानंद चंदेला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो और आप नेतृत्व उन्हें तत्काल पार्टी से बर्खास्त करे।
- प्रवीण शंकर कपूर, एलएलए नई दिल्ली
यह भी पढ़ें- दिल्ली की रोहिणी जेल में कैदी का मर्डर, बर्तन से बनाए हथियार से गर्दन पर वार; वर्चस्व की जंग में हत्या
