विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 17, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम, 50 KM की रफ्तार से चल रही धूल भरी हवाएं; अगले 2 घंटे में बारिश के आसार

By Abhishek TiwariEdited By: Abhishek Tiwari
Published: Wed, 17 May 2023 08:44 AM (IST)Updated: Wed, 17 May 2023 09:01 AM (IST)

Rain Alert in Delhi-NCR मौसम व‍िभाग ने अगले दो घंटे के भीतर उत्तरी दिल्ली के नरेला बवाना अलीपुर और हरियाणा ...और पढ़ें

दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम, 50 KM की रफ्तार से चल रही हवाएं; कई इलाकों में बारिश के आसार
दिल्ली-NCR में फिर बदला मौसम, 50 KM की रफ्तार से चल रही हवाएं; कई इलाकों में बारिश के आसार

नई दिल्ली, एएनआई। Rain Alert in Delhi-NCR : दिल्ली-एनसीआर में लगातार मौसम में बदवाल देखा जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज बुधवार को एक बार फिर मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इस बीच, आज फिर दिल्ली के कई इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी में धूल भरी हवाएं चलने से वायु गुणवत्ता प्रभावित हुई है, जिसके कारण विजिबिलिटी भी कम हुई है।

मौसम विभाग की ताजा जानकारी के मुताबिक अगले 2 घंटों के दौरान दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, उत्तर-पश्चिम दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, मध्य-दिल्ली, पूर्वी दिल्ली और एनसीआर (लोनी देहात,हिंडन एएफ स्टेशन, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला) सोनीपत, रोहतक, खरखौदा (हरियाणा) बड़ौत, बागपत, मेरठ, मोदीनगर, गढ़मुक्तेश्वर, हापुड़, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, जहांगीराबाद (यूपी) और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।

40 डिग्री से ऊपर रहेगा तापमान

दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में गर्मी तो अच्छी पड़ रही है, लेकिन मौसमी परिस्थितियों के मद्देनजर सप्ताह भर तक भी लू चलने की कोई संभावना नहीं है। प्रादेशिक मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि मई माह के पहले पखवाड़े में पश्चिमी विक्षोभ के कारण लू की स्थित नहीं बनी।

अगला पश्चिमी विक्षोभ, जो उत्तर पश्चिम भारत में आ रहा है, की वजह से आने वाले सप्ताह में भी लू चलने की संभावना नहीं है। दिन का तापमान भी 40 डिग्री सेल्सियस तक ही रहेगा।उन्होंने बताया कि हरियाणा, दक्षिण हरियाणा, दिल्ली एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर-पूर्वी राजस्थान में धूल भरी हवाएं चल रही हैं। इसकी वजह यह है कि एक पश्चिमी विक्षोभ गुजर चुका है और तेज हवाएं चल रही हैं।

पिछले सप्ताह तापमान काफी अधिक था, ज्यादातर जगह 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर। उन्होंने यह भी कहा कि फिलहाल वातावरण शुष्क है और गर्मी के कारण मिट्टी ढीली हो गई है। इसलिए 40-45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं सतह से धूल उठा रही हैं और इसे वायुमंडल में फैला रही हैं।

उधर मंगलवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो कि सामान्य से एक डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। हवा में नमी का स्तर 30 से 48 प्रतिशत तक रहा।

सोनीपत में बारिश होने से मिली गर्मी से राहत

दिल्ली से सटे हरियाणा के सोनीपत में गर्मी से परेशान लोगों के लिए बुधवार की सुबह राहत लेकर आई। सुबह अचानक आसमान में बादल छा गए और जिले के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश व बूंदाबांदी हुई। सोनीपत शहर व राई क्षेत्र में तेज हवा के साथ वर्षा व राई क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। बुधवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में अचानक मौसम में बदलाव हो गया। सुबह लोग सोकर उठे तो सूरज चमकना शुरू हो गया था। जिससे लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा था।

मंगलवार को दिनभर धूल का गुबार छाने से लोगों को धूल के साथ गर्मी ने परेशान किया था। अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री के पार पहुंच गया था। हालांकि मंगलवार सुबह करीब सवा सात बजे अचानक मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ ही बारिश का दौर शुरू हो गया। राई व सोनीपत शहर और आसपास के क्षेत्र में वर्षा होने के साथ ही अन्य स्थानों पर बूंदाबांदी भी हुई। राई क्षेत्र में ओलावृष्टि भी हुई। बारिश से गर्मी से राहत मिली है। बारिश के बाद आसमान में छाई धूल भी राहत मिली है।