क्या MCD अधिकारियों की अनदेखी से गई जानें? मालवीय नगर अग्निकांड पर मेयर सख्त, तीन दिन में मांगी जांच रिपोर्ट
दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। ...और पढ़ें

दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं।
HighLights
मालवीय नगर रेस्टोरेंट अग्निकांड की उच्चस्तरीय जांच के आदेश।
महापौर ने निगमायुक्त से तीन दिन में रिपोर्ट मांगी।
अग्नि सुरक्षा मानकों और लापरवाही की होगी जांच।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक रेस्टोरेंट में हुए भीषण अग्निकांड के बाद दिल्ली नगर निगम के महापौर प्रवेश वाही ने घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। महापौर ने निगमायुक्त को पत्र लिखकर तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट और की गई कार्रवाई का ब्यौरा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
हादसा बेहद गंभीर और चिंताजनक
महापौर ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद गंभीर और चिंताजनक है तथा इससे राजधानी में सार्वजनिक सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर कई सवाल खड़े होते हैं।
महापौर के निर्देशानुसार जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित रेस्टोरेंट में नगर निगम के भवन उपविधियों, अग्नि सुरक्षा मानकों और अन्य वैधानिक प्रावधानों का पालन किया गया था या नहीं। इसके साथ ही यह भी जांच होगी कि कहीं किसी स्तर पर निगम अधिकारियों या कर्मचारियों की लापरवाही अथवा नियमों की अनदेखी तो इस घटना के लिए जिम्मेदार नहीं रही।
लापरवाहों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई
प्रवेश वाही ने स्पष्ट किया कि यदि जांच के दौरान किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है या प्रशासनिक लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
खबरें और भी
महापौर ने निगम प्रशासन को राजधानी में संचालित रेस्टोरेंटों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक उपयोग वाले भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा भवन मानकों के अनुपालन की व्यापक समीक्षा करने के निर्देश भी दिए हैं। उनका कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाना समय की मांग है।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि किसी भवन या प्रतिष्ठान में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की जानकारी हो तो उसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
यह भी पढ़ें: 'बचाओ-बचाओ' की चीखें और धुएं का गुबार... चश्मदीदों ने बयां किया मालवीय नगर हादसे का खौफनाक मंजर