विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुस्कान हत्याकांड में बड़ा खुलासा, शादी का दबाव बना रहा था इमरान; CCTV में कैद है पूरी वारदात

Updated: Fri, 28 Aug 2026 11:27 AM (IST)

पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर में एकतरफा प्यार और शादी के दबाव के चलते 21 वर्षीय मॉडल मुस्कान की चाकू ...और पढ़ें

गुरुवार की देर रात राजौरी गार्डन क्षेत्र से आरोपित इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

गुरुवार की देर रात राजौरी गार्डन क्षेत्र से आरोपित इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

HighLights

  1. मॉडल मुस्कान की एकतरफा प्यार में चाकू मारकर हत्या।

  2. आरोपी जिम ट्रेनर आकिब उर्फ इमरान मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार।

  3. शादी के दबाव और इनकार पर की गई नृशंस वारदात।

जागरण संवाददाता, पश्चिमी दिल्ली। तिलक नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड महावीर नगर इलाके में एकतरफा प्यार और शादी के दबाव के चलते 21 वर्षीय माॅडल और डीयू की छात्रा मुस्कान की चाकू से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। वारदात का आरोप उसके परिचित, जिम ट्रेनर और फिटनेस इन्फ्लुएंसर आकिब उर्फ इमरान पर लगा है। हालांकि, गुरुवार की देर रात राजौरी गार्डन क्षेत्र से आरोपित इमरान को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है।

जिम से शुरू हुई मुलाकात और बढ़ता तनाव

मुस्कान और आकिब की मुलाकात करीब डेढ़ साल पहले तिलक नगर स्थित सेवन जोन जिम में हुई थी। आकिब के कहने पर ही मुस्कान माडलिंग के क्षेत्र में आई थी। हालांकि, आकिब को खराब व्यवहार, रोजाना लेट-लतीफी और बिना सूचना छुट्टियों के कारण तीन महीने पहले जिम से निकाल दिया गया था।

जबरन शादी का बना रहा था दबाव

आकिब पिछले छह महीने से मुस्कान पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। तंग आकर मुस्कान ने चार महीने पहले उससे दूरी बना ली और बातचीत बंद कर दी। आकिब को संदेह होने लगा था कि मुस्कान की किसी और से नजदीकी बढ़ रही है, जिससे वह और अधिक आक्रामक हो गया। वारदात वाले दिन ही आकिब ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट लिखा था कि यदि मुस्कान उसकी नहीं हुई तो वह आत्महत्या कर लेगा।

पेट और सीने पर ताबड़तोड़ मारे चाकू

मुस्कान चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी, जबकि उसकी दो बड़ी बहनें मुंबई और चंडीगढ़ में रहती हैं। बुधवार शाम करीब 5:30 बजे आकिब को जानकारी थी कि मुस्कान की मां और छोटा भाई आकाश बाजार गए हैं और वह घर में अकेली है। मौका देखकर आकिब उसके घर में दाखिल हुआ। घर में बहस के बाद उसने रसोई में इस्तेमाल होने वाले चाकू से मुस्कान के पेट और सीने पर ताबड़तोड़ कई वार किए और लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग निकला।

क्या गला दबाकर कर दिया था बेसुध?

शाम पौने सात बजे जब घरेलू सहायिका काम के लिए घर पहुंची, तो उसने बिस्तर पर मुस्कान को खून से लथपथ पाया। पड़ोसियों ने उसे तुरंत अमर लीला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच और फारेंसिक रिपोर्ट के अनुसार, मुस्कान के हाथों पर बचाव का कोई निशान नहीं मिला है। सामान्य तौर पर ऐसे हमलों में पीड़ित हाथ से वार रोकने की कोशिश करता है। इससे जांच अधिकारियों को संदेह है कि चाकू मारने से पहले आकिब ने या तो उसका गला दबाकर उसे बेसुध कर दिया था पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल रसोई का चाकू बरामद कर लिया है।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था

घटनास्थल के आसपास मिले सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आकिब सफेद शर्ट पहनकर शाम 5:30 बजे घर में जाते और करीब 45 मिनट (6:15 बजे) बाद तेजी से बाहर भागते हुए दिखाई दिया है। पुलिस आकिब के मोबाइल डेटा और इंटरनेट मीडिया गतिविधियों की पड़ताल कर रही है। वहीं, विवाद के बाद 'सेवन जोन जिम' ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से आकिब के सभी वीडियो हटा दिए हैं।

पड़ोसियों और परिजनों को ही जाने की अनुमति

मामला दो अलग-अलग समुदायों से जुड़ा होने के कारण पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के निर्देश पर इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मुस्कान के घर के आसपास तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है, जहां केवल पड़ोसियों और परिजनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है।