विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Delhi Metro के फेज चार के तीन कॉरिडोर का अब तक 70 प्रतिशत निर्माण पूरा, इस लाइन पर जल्द शुरू होगा परिचालन

Published: Thu, 17 Apr 2025 10:18 PM (GMT+05:30)

दिल्ली मेट्रो के फेज चार में निर्माणाधीन तीन प्रमुख कॉरिडोर का 70% काम पूरा हो गया है। मजलिस पार्क-मौजपुर मेट्रो ...और पढ़ें

फेज चार के निर्माणाधीन तीन कारिडोर का अब तक 70 प्रतिशत निर्माण पूरा।
फेज चार के निर्माणाधीन तीन कारिडोर का अब तक 70 प्रतिशत निर्माण पूरा।

HighLights

  1. मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर का 4.6 किलोमीटर हिस्सा मेट्रो परिचालन के लिए तैयार
  2. इस कॉरिडोर के बाकी हिस्से पर भी इस वर्ष के अंत तक परिचालन शुरू होने की उम्मीद

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। फेज चार में निर्माणाधीन तीन प्रमुखता वाले कॉरिडोर का अब तक 70 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। बाकी 30 प्रतिशत काम अगले वर्ष के अंत तक चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसी क्रम में इन तीन प्रमुखता वाले कॉरिडोर में शामिल मजलिस पार्क-मौजपुर मेट्रो लाइन पर मजलिस पार्क से जगतपुर गांव तक कॉरिडोर मेट्रो परिचालन के लिए तैयार है। डीएमआरसी (दिल्ली मेट्रो रेल निगम) का कहना है मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) से स्वीकृति मिलने के बाद इस 4.6 किलोमीटर हिस्से पर मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा।

फेज चार में छह मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण होना है

डीएमआरसी के अनुसार मजलिस पार्क से जगतपुर गांव के बीच मेट्रो का ट्रायल गत दिसंबर के अंत में शुरू हुआ था। इस कॉरिडोर पर बुराड़ी, झड़ोदा माजरा व जगतपुर गांव तीन मेट्रो स्टेशन बनाए गए हैं। फेज चार में कुल 112 किलोमीटर के छह मेट्रो कॉरिडोर का निर्माण होना है। तीन प्रमुखता वाले कॉरिडोर का निर्माण दिसंबर 2019 में शुरू हुआ था। इसमें जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम, तुगलकाबाद-एरोसिटी और मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर शामिल है। इसकी कुल लंबाई 65.202 किलोमीटर होगी।

मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर पर जल्द शुरू होगा परिचालन

वर्ष 2023 तक ये परियोजनाएं पूरी होनी थी लेकिन कोरोना, पेड़ काटने की स्वीकृति मिलने व जमीन अधिग्रहण में देरी के कारण निर्माण में देरी हुई। डीएमआरसी का कहना है कि अभी तीनों कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है। गत पांच जनवरी को जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर पर जनकपुरी पश्चिम से कृष्णा पार्क एक्सटेंशन के बीच मेट्रो का परिचालन शुरू हुआ था। अब 12.318 मजलिस पार्क-मौजपुर कॉरिडोर के 4.6 किलोमीटर हिस्से पर जल्द परिचालन शुरू होगा।

भजनपूरा से यमुना विहार तक बन रहा डबल डेकर कॉरिडोर

बताया जा रहा है कि इस कॉरिडोर के बाकी हिस्से का भी ज्यादातर काम पूरा हो चुका है और वर्ष के अंत तक बाकी हिस्से पर भी परिचालन शुरू होने की उम्मीद है। इस कॉरिडोर पर भजनपूरा से यमुना विहार तक 1.4 किलोमीटर का डबल डेकर कॉरिडोर भी बन रहा है। एक अन्य कॉरिडोर तुगलकाबाद-एरोसिटी मेट्रो लाइन का ज्यादातर हिस्सा भूमिगत होगा। दो माह के भीतर इस कॉरिडोर के लिए छतरपुर मंदिर से इग्नू के बीच दोनों तरफ से मेट्रो के परिचालन के लिए दो सुरंग का निर्माण पूरा हुआ है।

किशनगढ़ से वसंत कुंज के बीच 1550 मीटर लंबी सुरंग बनी

इसमें एक सुरंग की लंबाई 1475 मीटर और दूसरे की लंबाई 1460 मीटर है। इसके अलावा किशनगढ़ से वसंत कुंज के बीच 1550 मीटर लंबी सुरंग बनी है। तुगलकाबाद-एरोसिटी और जनकपुरी पश्चिम-आरके आश्रम कॉरिडोर का निर्माण अगले वर्ष अंत तक पूरा करने का लक्ष्य है।

इस वर्ष दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले फेज चार के तीन अन्य कॉरिडोर के निर्माण की स्वीकृति मिली थी। जिसमें रिठाला-कोंडली, इंद्रप्रस्थ-इंद्रलोक और लाजपत नगर-साकेत जी ब्लॉक कॉरिडोर शामिल है। जिसकी कुल लंबाई करीब 47 किलोमीटर होगी।

फेज चार में निर्माणाधीन तीन प्रमुख कॉरिडोर, उसकी लंबाई और स्टेशनों की संख्या

कॉरिडोर लंबाई (किमी) भूमिगत (किमी) एलिवेटेड (किमी) कुल स्टेशन
एरोसिटी-तुगलकाबाद 23.622 19.343 4.279 15
जनकपुरी-आरके आश्रम 29.262 9.417 19.845 22
मजलिस पार्क-मौजपुर 12.318 0.0 12.318 8
कुल 65.202 28.760 36.442 45

यह भी पढ़ें- पूरा हुआ सराय काले खां स्टेशन पर FOB का निर्माण कार्य, हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से जुड़ेगा नमो भारत स्टेशन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।